
पटना: बिहार में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष एक नए विवाद में घिर गए हैं। जिस लड़की अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीर वायरल हुई थी, वो एक बेटी की मां बनी हैं। उनका नाम तेज प्रताप यादव से जोड़ा गया तो वो मीडिया के सामने आए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वो इस बच्ची के पिता नहीं है, बल्कि उन्होंने दावा किया कि अनुष्का यादव का संबंध आकाश भाटी से है।
अनुष्का यादव की बेटी का पिता कौन ?
तेज प्रताप ने मीडिया के सामने तब आए, जब ये अटकलें लगाई जाने लगीं कि अनुष्का की बेटी के पिता वही हैं। सोशल मीडिया पर ये खबर फैलते ही तेज प्रताप यादव ने एक प्रेस कॉ़न्फ्रेंस की और सारी अटकलों और अफवाहों को खारिज कर दिया। तेज प्रताप यादव ने इसके बाद कहा कि वो अनुष्का के साथ नहीं, बल्कि आकाश भाटी है। कुल मिलाकर तेज प्रताप यादव ने इसके लिए आकाश भाटी का नाम लिया।
कौन है आकाश भाटी?
तेज प्रताप यादव ने कहा कि आकाश भाटी ही अनुष्का यादव की बेटी के पिता हैं और इस मामले की जांच होनी भी जरूरी है। तेज प्रताप यादव ने इस दौरान दावा किया कि आकाश भाटी पटना के गोला रोड इलाके में रहते हैं। आकाश भाटी का अनुष्का के घर पर भी आना जाना है।
आकाश भाटी के बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं
अब लोग ये जानना चाह रहे हैं कि आकाश भाटी कौन हैं? इसको लेकर अभी तक पब्लिक डोमेन में कोई जानकारी नहीं है। कुछ जगहों पर उन्हें आकाश गुर्जर भी बताया गया है। लेकिन इसको लेकर कोई भी ठोस या अधिकृत जानकारी नहीं मिली है। हालांकि तेज प्रताप यादव के दावे के बाद लोग इंटरनेट पर आकाश भाटी के बारे में सर्च कर रहे हैं।
कैसे जुड़ा अनुष्का यादव से तेज प्रताप यादव का नाम
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया हैंडल से उनकी कुछ फोटो वायरल हो गईं। इसमें वो अनुष्का यादव के साथ थे। एक तस्वीर करवाचौथ की भी बताई गई, जिसमें अनुष्का यादव सिंदूर लगाए दिखीं। इसी तरह का एक वीडियो भी बाद में वायरल हुआ। तब तेज प्रताप यादव ने दावा किया था कि उनका सोशल मीडिया हैंडल हैक कर लिया गया था और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई। हालांकि संबंधों पर उन्होंने खुल कर ज्यादा कुछ नहीं बोला था।
मेरा सोशल मीडिया हैंडल हैक कर लिया गया। उसी से ये तस्वीरें वायरल की गईं।
अनुष्का के साथ फोटो सामने आने पर ही राजद से निकाले गए थे तेज प्रताप यादव
लेकिन इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मई 2025 में तेज प्रताप यादव को राजद से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। तब लालू प्रसाद यादव ने एक पोस्ट कर इसे गैर जिम्मेदार व्यवहार बताया था। लालू प्रसाद यादव ने तब पोस्ट किया था कि ‘निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है। अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूं। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है। अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।’
तेज प्रताप यादव ने बनाई नई पार्टी
राजद से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने भी परिवार से संबंध तोड़ लिया था और खुद की नई पार्टी जन शक्ति जनता दल बनाई थी। अपनी पार्टी के बैनर तले ही तेज प्रताप यादव महुआ से विधानसभा चुनाव लड़े थे, जिसमें उन्हें हार मिली थी। उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कुछ खास प्रदर्शन भी नहीं कर पाई थी। इसके बाद तेज प्रताप यादव ने NDA सरकार को नैतिक समर्थन देने की घोषणा कर सियासी सनसनी फैला दी थी।
अनुष्का यादव के घर पर भी देखे गए थे तेज प्रताप यादव
इसके बाद तेज प्रताप यादव अनुष्का यादव के घर पर भी देखे गए थे। 31 अगस्त 2025 को वो अनुष्का यादव के लंगरटोली चौराहे वाले घर पर पहुंचे थे और वहीं उन्होंने खाना भी खाया था। करीब 6 घंटे वहां रहने के बाद तेज प्रताप यादव बाहर निकले थे। तब तेज प्रताप यादव ने मीडिया के कैमरों के सामने ये कहा था कि उनका अनुष्का यादव के यहां पारिवारिक संबंध है। ऐसे में यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। लेकिन अब जबकि अनुष्का एक बेटी की मां बन चुकी हैं, तेज प्रताप यादव ने इस मामले में आकाश भाटी का नाम जोड़ कर एक नया सवाल खड़ा कर दिया है।






/newsnation/media/media_files/2026/02/11/vande-matam-today-2026-02-11-09-14-03.jpg?w=272&resize=272,170&ssl=1)