
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के सिकंदरपुर गांव में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात साइबर ठगों ने युवक के बैंक खाते से लगभग 94 हजार रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक और उसके परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ने चरथावल थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया से मुलाकात कर मामले की शिकायत दर्ज कराई। उसने ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पीड़ित के अनुसार, उसके मोबाइल पर संदिग्ध कॉल या मैसेज आने के बाद खाते से पैसे निकल गए, जिसकी उसे तुरंत जानकारी नहीं मिल पाई।
थाना प्रभारी ने पीड़ित को मामले की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल की मदद से ठगी गई रकम का पता लगाकर उसे वापस दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा करने से बचें और साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।






