
High Blood Pressure and Headaches
सिर में दर्द होना एक आम बात है. कभी ये दर्द सिर के अगले हिस्से में कभी बीच में तो कभी पूरे सिर या फिर सिर के पिछले हिस्से में भी हो जाता है. आमतौर पर सिरदर्द के कई कारण हो सकते हैं. जैसे माइग्रेन, नींद की कमी, कोई पुरानी चोट या फिर मानसिक तनाव. कुछ मामलों में सर्वाइकल का दर्द भी सिर में जा सकता है, लेकिन अगर ये कोई समस्या नहीं है और फिर भी सिर के पिछले हिस्से में दर्द रहता है तो इसका एक कारण हाई बीपी की समस्या हो सकती है.
दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल में कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि अगर किसी को कभी एक दो बार हाई बीपी हुआ है तो उससे सिर के पिछले हिस्से में दर्द नहीं होता है, लेकिन अगर ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है जैसे 180/120 mmHgतब सिरदर्द हो सकता है. इस स्थिति को हाइपरटेंसिव क्राइसिस कहा जाता है, जो मेडिकल इमरजेंसी मानी जाती है. इस स्थिति में मरीज को तुरंत अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ सकती है, हालांकि कुछ मामलों में बीपी के हल्के बढ़ने से भी सिर के पिछले हिस्से में दर्द हो सकता है.
हाई बीपी से होने वाला सिरदर्द कैसा होता है?
सिर के पीछे दर्द के साथ भारीपन
सिरदर्द के साथ धुंधला दिखना
चक्कर आना
उल्टी
हाई बीपी में सिर के पिछले हिस्से में दर्द क्यों होता है?
डॉ. जैन बताते हैं कि जब किसी व्यक्ति का बीपी हाई हो जाता है तो इससे ब्रेन की नसों पर भी प्रेशर पड़ता है. इससे सिर में दर्द होने लगता है. अधिकतर लोगों में दर्द सिर के पिछले हिस्से में ही होता है, लेकिन कई मामलों में ये पूरे सिर में भी हो सकता है. ऐसे में यह जरूरी है कि अगर आपको सिर के पिछले हिस्से में दर्द की शिकायत है तो इस मामले में डॉक्टर से सलाह लें.
डॉ जैन के मुताबिक, जरूरी नहीं है कि ये सिर की ही कोई बीमारी हो, इसका कारण हाई बीपी भी हो सकता है. चूंकि बीपी के लक्षणों की आसानी से पहचान नहीं होती है, तो लोग इस लक्षण को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए.






