Business

स्कॉर्पियो-थार बेचकर मालामाल हुई महिंद्रा, 3 महीने में छापे इतने हजार करोड़

स्कॉर्पियो-थार बेचकर मालामाल हुई महिंद्रा, 3 महीने में छापे इतने हजार करोड़
स्कॉर्पियो-थार बेचकर मालामाल हुई महिंद्रा, 3 महीने में छापे इतने हजार करोड़

महिंद्रा एंड महिंद्रा (फाइल फोटो)

महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में उसका कुल मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 47% बढ़कर 4,675 करोड़ रुपये हो गया है. इस दौरान कंपनी की कुल कमाई भी 26% की बढ़त के साथ 52,100 करोड़ रुपये रही. अगर कुछ नियमों के बदलाव को अलग हटा दें, तो कंपनी का मुनाफा असल में 54% बढ़ा है. 31 दिसंबर 2025 तक के शुरुआती 9 महीनों में कंपनी का कुल मुनाफा 12,431 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 9,634 करोड़ रुपये था.

शेयर बाजार में नतीजों के बाद महिंद्रा का शेयर करीब 3,697.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था. नतीजों से पहले शेयर 3% तक चढ़ा था, लेकिन बाद में बढ़त थोड़ी कम हो गई.

ऑटोमोबाइल सेक्टर

इस तिमाही में गाड़ियों के बिजनेस से होने वाली महिंद्रा की कमाई 30% बढ़कर 30,370 करोड़ रुपये हो गई और मुनाफा 42% बढ़कर 1,993 करोड़ रुपये रहा. कंपनी ने कुल 3.02 लाख गाड़ियां बेचीं. SUV बाजार में महिंद्रा 24.1% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे बनी हुई है. वहीं छोटे कमर्शियल ट्रकों के बाजार में कंपनी का कब्जा 51.9% रहा.

ट्रैक्टर और फार्म इक्विपमेंट

ट्रैक्टर और खेती से जुड़े सामानों की कमाई 21% बढ़कर 11,501 करोड़ रुपये रही और मुनाफा 1,044 करोड़ रुपये रहा. कंपनी ने 1.50 लाख ट्रैक्टर बेचे, जिससे बाजार में इसकी हिस्सेदारी 44% रही. इसके अलावा महिंद्रा की अन्य सेवाओं (जैसे फाइनेंस, आईटी और लॉजिस्टिक्स) ने भी बहुत अच्छा काम किया. इस सेक्टर की कमाई 11,636 करोड़ रुपये रही और मुनाफा दोगुना होकर 1,637 करोड़ रुपये हो गया. महिंद्रा फाइनेंस का मुनाफा 97% बढ़ा, जबकि महिंद्रा लॉजिस्टिक्स 11 तिमाहियों के बाद फिर से मुनाफे में लौट आई है. महिंद्रा लाइफस्पेस का मुनाफा भी पांच गुना बढ़ गया है.

बैलेंस शीट बेहतर

कंपनी के मैनेजमेंट ने इन नतीजों पर खुशी जताई है. ग्रुप सीईओ अनीश शाह ने कहा कि यह तरक्की सही योजना और मेहनत का नतीजा है. एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CEO (ऑटो और कृषि ) राजेश जेजुरिकर ने बताया कि नई गाड़ियों जैसे XEV 9S और XUV 7XO को ग्राहकों ने बहुत पसंद किया है. वहीं सीएफओ अमरज्योति बरुआ ने कहा कि कंपनी के अलग-अलग बिजनेस की मजबूती से बैलेंस शीट बहुत बेहतर हुई है. इन शानदार नतीजों के बाद शेयर बाजार में M&M के शेयर 1% से ज्यादा की तेजी के साथ 3,718 रुपये पर कारोबार कर रहे थे.

ये भी पढ़ें- 5 महीने में 3 गुना बढ़े गोल्ड-सिल्वर ETF के भाव, 3 लाख करोड़ से ज्यादा हुई वैल्यू

Khabar Monkey
the authorKhabar Monkey

Leave a Reply