Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में रविवार आधी रात एक रूह कंपकंपा देने वाला हादसा सामने आया है. जलालपुर थाना क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास एक बेकाबू स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है.
Khabar Monkey

घटनाक्रम के अनुसार, रात करीब 12 बजे सड़क पर पहले दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी. इस टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े थे. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मानवता दिखाते हुए घायलों की मदद के लिए मौके पर इकट्ठा हुए. लोग अभी घायलों को अस्पताल भेजने की तैयारी ही कर रहे थे कि तभी तेज रफ्तार में आई एक अनियंत्रित कार ने भीड़ को बेरहमी से रौंद दिया.
8 लोगों की हो गई मौत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सीएचसी जलालपुर पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की मौत टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है.
(खबर अपडेट की जा रही है)





