
बारामूला: सोमवार (2 फरवरी) की सुबह तड़के जम्मू और कश्मीर के बारामूला जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के झटके सोमवार सुबह लगभग 5:35 बजे महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पट्टन क्षेत्र था। बता दें कि भूकंप के झटके भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में महसूस किए गए।
हालांकि, इस भूकंप से किसी तरह के बड़े नुकसान या लोगों के घायल होने की कोई खबर फिलहाल सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद भूकंप के झटकों की तीव्रता को दर्शाते हैं।
कश्मीर घाटी और उसके आसपास के इलाकों में पहले भी भूकंपीय गतिविधियां होती रही हैं। इसका कारण यह है कि यह क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा के पास स्थित है, जो भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।एक अन्य शेयर किए गए वीडियो में सोमवार तड़के करीब 30 सेकंड तक आए अचानक भूकंप के झटके को दिखाया गया है।
कुछ लोग मान रहे हैं कि भूकंप की तीव्रता लगभग 4.8 रही होगी। इससे पहले, सोमवार को सुबह लगभग 3:30 बजे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था।






