हार्दिक पांड्या की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस की टीम की लिए आईपीएल 2026 का सीजन अब तक काफी खराब रहा है। दो मई को खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम को 8 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा जिसके साथ ही उनके लिए अब प्लेऑफ में जगह बना पाने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है। मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक आईपीएल के इस सीजन में 9 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें 7 मुकाबलों को में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि अभी मुंबई इंडियंस की टीम आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है जिसमें उनके पास अभी भी मौका जरूर बचा हुआ है।

अब एक गलती मुंबई इंडियंस पर पड़ जाएगी भारी
मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक लीग स्टेज में कुल 9 मुकाबले खेले हैं जिसके बाद अभी उन्हें 5 मैच और खेलने बाकी हैं, ऐसे में उनको खुद को प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में शामिल रखने के लिए बाकी बचे सभी मैचों में जीत हासिल करनी होगी ताकि वह कुल 14 अंकों पर पहुंच जाएं। हालांकि आईपीएल में प्लेऑफ में 14 अंकों के साथ अपनी जगह बना पाना लगभग नामुमकिन सा काम है। ऐसा इसलिए क्योंकि उसे अपने मुकाबले जीतने के साथ ये दुआ भी करनी होगी कि टॉप-4 में अभी काबिज पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स जिनके अभी 12 या उससे अधिक अंक हैं उनमें किसी दो टीम का आगे खराब दौर देखने को मिले, इसके अलावा बाकी टीमों के मुकाबलों के परिणाम पर भी उन्हें नजर बनाकर रखनी होगी। ऐसे में मुंबई इंडियंस के पास 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने का एक चांस जरूर अभी बचा हुआ है।
मुंबई इंडियंस का अगले 5 मैचों में इन टीमों से होगा सामना
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के अगले 5 मुकाबलों को लेकर बात की जाए तो उन्हें अब 4 मई को अपना अगला मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ खेलना है। इसके बाद उनका अगला मैच 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम से होगा। 14 मई को मुंबई इंडियंस का सामना इस सीजन अब तक धमाकेदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम से होगा जबकि 20 मई को उन्हें अपना अगला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से खेलना है। इस सीजन लीग स्टेज में अपना आखिरी मैच मुंबई इंडियंस की टीम 24 मई को राजस्थान रॉयल्स की टीम से खेलेगी।





