OP Rajbhar Reservation Classification: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरक्षण के सही वर्गीकरण के बारे में बहस ने जोर पकड़ लिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री Om Prakash Rajbhar ने इस मुद्दे पर सपा मुखिया Akhilesh Yadav पर तीखा प्रहार किया है। ओपी राजभर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से न सिर्फ अपनी बात रखी, बल्कि अखिलेश यादव की सियासत पर भी प्रश्न खड़े किए।

साफ नजर आ रही अखिलेश की बेचैनी
ओपी राजभर ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि सत्ता से दूर होने के बाद की अखिलेश यादव की बेचैनी स्पष्ट नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो राजभर समाज कभी समाजवादी पार्टी की रैलियों में भीड़ बढ़ाने के लिए मजबूर किया जाता था, वही आज अपने अधिकार और सम्मान के साथ सत्ता में भागीदारी कर रहा है, जो सपा की लीडरशिप को असहज कर रहा है।
राजभर ने की ‘चक्रव्यूह’ रचे जाने की बात
राजभर के आरोप के मुताबिक, उन्हें रोकने के लिए एक “चक्रव्यूह” की रचना की गई, जिसका उद्देश्य पिछड़ों और अति पिछड़ों को उनका हक मिलने से रोकना है। उन्होंने आगे कहा कि आरक्षण का अगर सही वर्गीकरण हो जाए तो इसके वास्तविक हकदारों को फायदा मिलेगा, जिससे कुछ सियासी दलों की जमीन खिसक सकती है।
राजभर समाज को निशाना बनाने पर उठाई आवाज
ओपी राजभर ने इसके साथ ही अखिलेश यादव से अपने सपोर्टर्स को संयम बरतने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि कुछ हालिया घटनाओं में, राजभर समाज के लोगों को निशाना बनाया गया और यह एक नकारात्मक माहौल की वजह से हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी समाज की खिलाफत में लगातार नफरत फैलाने के कारण ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं।
सपा सरकार में पिछड़ों-दलितों के हक की हुई अनदेखी
SBSP चीफ राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में पिछड़ों, अति पिछड़ों और दलितों के हितों को अनदेखा किया गया। उन्होंने साफ किया कि अब उनका राजभर समाज जागरूक हो चुका है। वह अपने अधिकारों के लिए खड़ा हो चुका है। साथ ही उन्होंने यह भी संदेश दिया कि यह समाज किसी भी सियासी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है।





