आगरा। पति ने पत्नी को काॅलगर्ल बता उसके वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित कर दिए। परिचितों और रिश्तेदारों से इसकी जानकारी होने पर पत्नी के होश उड़ गए। मामले में ताजगंज थाने में आइटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कराया है।

रकाबगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी ताजगंज के बसई खुर्द निवासी युवक से हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान कर रहे थे। चार महीने की गर्भवती थी, ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया।
मायके में बेटी के जन्म के बाद कई बार सुलह के प्रयास किए गए। बात नहीं बनने पर उसने सितंबर 2025 को महिला थाने में पति और ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया।
अब पति सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म फेसबुक,इंस्टाग्राम व वाट्सएप पर उसे कालगर्ल बताते हुए आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा है। इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिरोही ने बताया कि आरोपित पति पर आइटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।





