गर्मियों का मौसम आते ही शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी हो जाता है. क्योंकि इस उमसभरे मौसम में तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान शरीर से पानी की कमी कर देता है, जिससे थकान, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं होने लगती हैं. ऐसे में लोग अक्सर ठंडी चीजों के अपनी डाइट में शामिल करते हैं. जैसे कोई ठंडी ड्रिंक या फिर ठंडी तासीर वाली चीजें. लेकिन बाजार में मिलने वाले कई ड्रिंक्स में शुगर और प्रिजर्वेटिव्स ज्यादा होते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. ऐसे में सबसे बेहतर होता है घर पर ही कुछ ऐसा तैयार किया जाए तो शरीर को फायदे भी दे और बनाने में ज्यादा मेहनत भी न लगें.

अगर आप इस गर्मी में कुछ ऐसा पीना चाहते हैं जो शरीर को अंदर से ठंडक दे और साथ ही सेहत के लिए भी फायदेमंद हो, तो ये आर्टिकल आपके बहुत काम आ सकता है. इसमें हम आपको चावल से बनने वाली एक ट्रेडिशनल ड्रिंक के बारे में बताने जा रहे हैं, जो न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करेगी बल्कि गट हेल्थ यानी पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाने में कारगार है. चलिए जानते हैं इसे कैसे तैयार करें.
गर्मियों में बनाकर पिएं चावल की ड्रिंक
चावल का पानी, जिसे आमतौर पर मांड भी कहा जाता है. ये चावल पकाते समय निकलने वाले स्टार्च से बनता है. यह भारत के कई क्षेत्रों में खासतौर पर गर्मियों के दौरान पारंपरिक रूप से पिया जाता रहा है. इसे अक्सर सादा या हल्के मसालों के साथ पिया जाता है, जिससे यह किचन में बनने वाली सबसे आसान और हल्की ड्रिंक्स में से एक बन जाता है. चावल का पानी स्वाद में हल्का, टेक्सचर में स्मूद और पूरी तरह नेचुरल होता है, क्योंकि इसमें किसी तरह के आर्टिफिशियल इंग्रीडिएंट्स नहीं होते. ये छाछ के मुकाबले ज्यादा हल्का और नींबू वाली ड्रिंक की तुलना में कम खट्टा होता है, इसलिए जिन लोगों को सिंपल और हल्का स्वाद पसंद है, उनके लिए यह एक अच्छा ऑप्शन है.
चावल के पानी को पीने के फायदे
शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि यह आसानी से पच जाता है. इसमें मौजूद प्राकृतिक कार्बोहाइड्रेट्स शरीर को एनर्जी देने में सहायक होते हैं. अगर इसके स्वाद और पोषण को और बेहतर बनाना हो, तो इसमें भुना जीरा, काला नमक या थोड़ा सा नींबू मिलाया जा सकता है. खास बात यह है कि इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती, फिर भी यह हेल्दी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक बनी रहती है.
चावल की ड्रिंक की रेसिपी
इसे बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छे से धो लें और इसका पानी छान लें. अब एक पैन लें और उसमें चावल के साथ ही 3 कप पानी डालें. इसे तब तक पकाएं जब तक चावल अच्छे से पक नहीं जाते. जब चावल पक जाएं तब इसके पानी को छानकर अलग कर लें. अब इसे ठंडा होने दे. इस पानी में जीरा पाउडर, काला नमक, सफेद नमक को डालकर अच्छे से मिक्स करें. अगर आपको और अच्छा स्वाद चाहिए तो इसमें नींबू का रस भी मिला सकते हैं. आप इसे नॉर्मल या फिर फ्रिज में ठंडा करके भी पी सकते हैं.





