रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. उनके पूर्व समर्थक इल्या रेमेस्लो ने कहा है कि पुतिन के करीबी लोग ही उनसे अंदर ही अंदर नफरत करते हैं और अगले एक साल के अंदर रूस में सत्ता बदल सकती है. रेमेसलो ने यह बात पत्रकार क्सेनिया सोबचक को दिए इंटरव्यू में कही. उन्होंने कहा कि रूस की मौजूदा समस्याओं के लिए सीधे तौर पर पुतिन जिम्मेदार हैं.

रेमेसलो ने खुद को ऐसा व्यक्ति बताया जो इस सिस्टम को अंदर से समझता है और उसे बदल सकता है. द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, रेमेसलो ने सिस्टम के अंदर काम कर रहे लोगों से अपील की कि वे डरें नहीं और सही समय पर बदलाव का साथ दें. रेमेसलो का कहना है कि 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक रूस में बड़ा बदलाव हो सकता है. उन्होंने कहा कि यह बदलाव हिंसक नहीं होगा, बल्कि शांत तरीके से होगा, जैसे 1953 में स्टालिन के बाद सत्ता बदली थी.
पुतिन के 3 उत्तराधिकारियों के नाम बताए
रेमेसलो ने यह भी दावा किया कि रूस के कई बड़े नेता पुतिन से नाराज हैं, क्योंकि अब वे पहले जैसी सुविधाएं और ताकत नहीं पा रहे हैं. उन्होंने तीन नाम भी बताए जो पुतिन के बाद नेता बन सकते हैं. प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन, आर्थिक विकास मंत्री मैक्सिम रेशेतनिकोव और पुतिन के पूर्व बॉडीगार्ड एलेक्सी ड्यूमिन. एलेक्सी को लंबे समय से पुतिन का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है.
रेमेसलो पहले पुतिन के समर्थक थे, लेकिन मार्च में उन्होंने पुतिन को युद्ध अपराधी और झूठा कहा. इसके बाद उन्हें कुछ समय के लिए मानसिक अस्पताल में भी रखा गया, जिसे दबाव की कार्रवाई माना गया.
रूस की अर्थव्यवस्था पर दबाव
रूस के अंदर हालात भी मुश्किल बताए जा रहे हैं. यूक्रेन के साथ युद्ध की वजह से अर्थव्यवस्था पर दबाव है. पिछले दो साल में खाने-पीने की चीजों की कीमतें करीब 18.6% बढ़ गई हैं. टैक्स बढ़ने से छोटे कारोबारियों पर असर पड़ा है और बड़ी कंपनियां भी सरकारी नियंत्रण से डर रही हैं. साथ ही इंटरनेट और फोन नेटवर्क पर भी सख्ती बढ़ी है, जिससे कई जगह संचार सेवाएं बंद करनी पड़ी हैं.
कुछ इलाकों में लोग वॉकी-टॉकी और कागज के नक्शों का इस्तेमाल कर रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन युद्ध में करीब 12 लाख रूसी सैनिक मारे गए, घायल हुए या लापता हैं. इन सब हालात के बीच रेमेसलो का कहना है कि रूस में अंदर ही अंदर असंतोष बढ़ रहा है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव हो सकता है.





