तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कांग्रेस नेता और राज्य मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन और प्रोफेसर एम. कोडंडाराम रेड्डी को तेलंगाना विधान परिषद के सदस्य (MLC) के रूप में नामित किया है।राज्यपाल द्वारा नामांकन के बाद दोनों कांग्रेस नेता आज एमएलसी पद की शपथ लेने की उम्मीद है।

दोनों के नामांकन को राज्य की सियासत में अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों सदस्यों का नामांकन राज्यपाल के कोटे से किया गया है। यह नामांकन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 171 के तहत राज्यपाल को प्राप्त अधिकारों के अंतर्गत किया गया है। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आज पूरी की जाएगी।
जारी हुई अधिसूचना में बताया गया है कि पूर्व में नामित सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद इन दो खाली सीटों को भरने के लिए यह निर्णय लिया गया है। दोनों सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना की तारीख से 6 साल तक प्रभावी रहेगा।
यह आदेश 26 अप्रैल 2026 को जारी किया गया, जिसे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला की स्वीकृति के बाद लागू किया गया। आदेश पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सरकार के सचिव सी सुदर्शन रेड्डी के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।
तेंलगाना कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है। तेंलगाना कांग्रेस ने कहा कि मोहम्मद अजरुद्दीन और प्रो. एम. कोडंडाराम रेड्डी आज एमएलसी के रूप में शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सीएम रेवंत रेड्डी के भी शामिल होने की संभावना है।





