ईरान से युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने प्रशासन में शीर्ष अधिकारियों पर लगातार एक्शन ले रहे हैं. अब फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) प्रमुख काश पटेल को भी पद से हटाने की बात सामने आ रही है. इससे पहले ट्रंप अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन, अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज और अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी को हटा चुके हैं. काश पटेल को लेकर कई जानकारियां सामने आ रही है. अमेरिका की एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन पर अत्यधिक शराब सेवन और अनियमित आचरण के आरोप लग रहे हैं.

‘पॉलिटिको’ की रिपोर्ट में व्हाइट हाउस के सूत्रों को कहना है कि काश पटेल को लेकर लगातार नेगेटिव खबरें सामने आ रही है. विवादों के कारण काश पटेल को लेकर माहौल बेहद खराब बताया जा रहा है. पटेल की कई शिकायतें ट्रंप तक भी पहुंची है. इससे ट्रंप की आम जनता के बीच एक नेगेटिव छवि भी बन रही है. अमेरिका की एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि एफबीआई में काश पटेल का काम करने का तरीका भी बेहद अलग है. साथ कर्मचारियों ने इस पर चिंता जाहिर करते हुए इसकी शिकायत भी की. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि एक बार सिस्टम से लॉक होने पर पटेल घबरा गए थे. हालांकि, पटेल ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. कहा जा रहा है कि इसी वजह से ट्रंप अब पटेल पर एक्शन लेने के मूड में हैं.
काश पटेल दो बार हो चुके गिरफ्तार
लगातार हो रहे इन बदलावों के बीच अब काश पटेल का नाम भी चर्चा में है. अगर वे भी पद छोड़ते हैं, तो यह ट्रंप प्रशासन में जारी बड़े फेरबदल की कड़ी का एक और अहम हिस्सा होगा. इस बीच The Intercept ने बड़ा दावा किया है. उनके मुताबिक, काश पटेल में दो मौकों पर सार्वजनिक रूप से शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार होने की बात स्वीकार की है. एक बार वर्जीनिया में अपने ग्रेजुएशन के दिनों में नाबालिग थे, और दूसरी बार तब, जब वे न्यूयॉर्क शहर में कानून के छात्र थे और शराब पीते समय उन्होंने सार्वजनिक रूप से पेशाब कर दिया था.
पिछले कुछ महीनों में कई बड़े बदलाव
दरअसल, काश पटेल को FBI प्रमुख बने 14 महीने हो चुके हैं. लंबी शिकायतों के बाद अब ट्रंप सरकार उन्हें हटाने की तैयारी कर रही है. हालांकि, अभी तक इस बारे में व्हाइट हाउस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. वहीं हाल ही में अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन सी फेलन ने पद छोड़ दिया. उनकी जगह हंग काओ को कार्यवाहक जिम्मेदारी दी गई है. ट्रंप प्रशासन में पिछले कुछ महीनों में कई बड़े बदलाव हुए हैं. मार्च से अब तक कम से कम पांच वरिष्ठ अधिकारी या तो हटाए जा चुके हैं या उन्होंने इस्तीफा दे दिया है.
पाम बोंडी को अटॉर्नी जनरल पद से हटाया
ईरान से युद्ध के बीच इसी महीने में पाम बोंडी को अटॉर्नी जनरल पद से हटाया गया था. उनकी जगह अस्थायी रूप से टॉड ब्लैंच को जिम्मेदारी दी गई. वहीं, श्रम सचिव लोरी चावेज-डेरेमर ने भी इस्तीफा दे दिया. उनके स्थान पर कीथ सोंडरलिंग को कार्यवाहक बनाया गया है. मार्च में क्रिस्टी नोएम को पद से हटाकर सीनेटर मार्कवेन मुलिन को जिम्मेदारी दी गई. बाद में नोएम को एक नई भूमिका में नियुक्त किया गया. यह काम अभी भी जारी है. इसके अलावा निचले स्तर पर भी लगातार बदलाव किए जा रहे हैं.





