अमेरिका के लुइसियाना में एक मॉल में गोलीबारी की सनसनीखेज घटना हुई है. पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मॉल ऑफ लुइसियाना के एक फूड कोर्ट में दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि 10 लोग घायल हुए हैं, लेकिन बैटन रूज में गोलीबारी के कुछ घंटों बाद यह संख्या बदल दी गई. पुलिस ने बताया कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

मेयर सिड एडवर्ड्स ने कहा, अगर आप बैटन रूज में ऐसा व्यवहार करेंगे, अगर आप ये सब करेंगे, तो आप पकड़े जाएंगे. पुलिस प्रमुख टीजे मोर्स ने बताया कि दोपहर लगभग 1:30 बजे, फूड कोर्ट के अंदर दो गुटों के बीच बहस हुई और उन्होंने एक-दूसरे पर गोली चलाना शुरू कर दिया.
अब जनता को कोई खतरा नहीं
प्रमुख ने प्रत्यक्षदर्शियों से गोलीबारी का कोई भी वीडियो उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. मोर्स ने कहा कि फिलहाल जनता को कोई खतरा नहीं है. दोपहर ढलने तक, पार्किंग स्थल पर दर्जनों पुलिस कारें इकट्ठी थीं, कई हेलीकॉप्टर ऊपर मंडरा रहे थे और बुलेटप्रूफ जैकेट पहने सशस्त्र अधिकारी इलाके में गश्त कर रहे थे.
सभी लोगों के लिए भयानक दिन
मॉल की प्रवक्ता लिंडसे काह्न ने इसे वहां मौजूद सभी लोगों के लिए भयानक दिन बताया. कपड़ों की दुकान में काम करने वाली डिजायर बैटन ने बताया कि उन्होंने और अन्य कर्मचारियों ने खुद को बचाने के लिए एक ब्रेक रूम में शरण ली. बैटन ने कहा कि हम वहां तब तक छिपे रहे जब तक पुलिस नहीं आई और हमें ले गई. उन्होंने आगे कहा कि यह एक भयावह अनुभव था.
गोलीबारी में आठ बच्चों की मौत
बीते हफ्ते में लुइसियाना में गोलीबारी की दर्दनाक घटना में एक से 14 साल के आठ बच्चों की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि घरेलू कलह के चलते ये घटना हुई.घटना रविवार तड़के श्रेवपोर्ट इलाके में हुई थी. श्रेवपोर्ट पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि घटना में कुल 10 लोगों को गोली लगी, जिनमें कुछ बच्चे संदिग्ध हमलावर के रिश्तेदार भी थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी को मार गिराया
गोलीबारी के बाद आरोपी ने मौके से भागते समय एक कार चोरी कर ली थी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया. पुलिस ने अभी तक आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन उसे एक वयस्क पुरुष बताया गया है. प्रारंभिक जांच में इस घटना को घरेलू विवाद का परिणाम बताया गया है.





