
Dausa Viral Video: राजस्थान की धरती पर घोड़े और ऊंट सिर्फ सवारी नहीं बल्कि शान, परंपरा और शौर्य के प्रतीक माने जाते हैं. सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ, जिसने परंपरा और आधुनिक तकनीक को एक साथ जोड़ दिया. वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति घोड़े पर सवार नजर आ रहे हैं और उनकी पीठ पर ब्लिंकिट का पीला डिलीवरी बैग टंगा हुआ दिखाई देता है. आमतौर पर ऑनलाइन डिलीवरी बाइक या स्कूटी से होती है, लेकिन यह सीन बिल्कुल अलग था. यही वजह है कि वीडियो इंटरनेट पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
वीडियो देखते ही सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की टिप्पणियां करने लगे. एक लाइन खासतौर पर खूब शेयर की गई – ‘प्रधान, यहां जवान लोगों को घोड़ी चढ़ना नसीब नहीं हो रहा और बूढ़े लोग घोड़े पर ब्लिंकिट की डिलीवरी करने निकले हैं. बुजुर्ग शख्स पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में घोड़े पर सवार दिखते हैं, जिससे सीन और भी दिलचस्प लगने लगता है. जिस अंदाज में वे जा रहे हैं, उसे देखकर कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि वे डिलीवरी करने नहीं बल्कि बुढ़ापे की दुल्हन लेने जा रहे हों.
बताया गया कि यह वीडियो राजस्थान के किसी ग्रामीण इलाके का है, जहां कच्ची सड़कें हैं और बाइक से पहुंचना मुश्किल हो सकता है. ऐसे में घोड़े का इस्तेमाल वहां की जरूरत और स्थानीय संस्कृति दोनों का हिस्सा हो सकता है. शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं था कि वीडियो में दिख रही डिलीवरी वास्तविक है या फिर किसी ने मजाकिया अंदाज में इसे फिल्माया है.
बाद में सामने आया कि यह वीडियो दौसा जिला का है. वीडियो में सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड पर आगरा, दौसा और खान भांकरी के नाम दिखाई देते हैं, जिससे पता चला कि यह दृश्य नेशनल हाईवे 21 पर कलेक्ट्रेट चौराहे के पास रिकॉर्ड किया गया था. जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में दिख रहे बुजुर्ग का नाम गिर्राज गुर्जर है, जो दौसा जिले के खेरवाल गांव के निवासी हैं.
गिर्राज गुर्जर के पास एक घोड़ी है, जिसका इस्तेमाल वे शादियों में दूल्हे की निकासी के लिए करते हैं. 22 फरवरी को वे अपने गांव से खान भांकरी में एक शादी समारोह में निकासी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. उसी दौरान किसी कार सवार ने उनका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
वीडियो के बारे में सच्चाई
वायरल दावों के विपरीत गिर्राज गुर्जर किसी भी तरह की ऑनलाइन डिलीवरी सेवा से जुड़े नहीं हैं. दरअसल, उनके घर में रखा ब्लिंकिट का बैग उन्होंने अपनी घोड़ी पर टांग लिया था. उस बैग में घोड़ी की सजावट का सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं रखी हुई थीं. लेकिन घोड़े पर Blinkit का बैग देखकर लोगों ने यह मान लिया कि बुजुर्ग ऑनलाइन डिलीवरी का काम कर रहे हैं. इसी गलतफहमी के साथ वीडियो को अलग-अलग कैप्शन के जरिए तेजी से शेयर किया जाने लगा.
इस तरह एक साधारण शादी समारोह के लिए जाते बुजुर्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर परंपरा और आधुनिकता के अनोखे संगम के रूप में वायरल हो गया, जबकि सच्चाई कुछ और ही थी.





