Thursday, February 26, 2026
Viral

महाराष्ट्र मध्य प्रदेश होंगे कनेक्ट, फर्राटे भरेंगी गाड़ियां, 2500 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क

महाराष्ट्र मध्य प्रदेश होंगे कनेक्ट, फर्राटे भरेंगी गाड़ियां, 2500 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क

सिवनी/छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के सिवनी से महाराष्ट्र के सावनेर तक 2,500 करोड़ की लागत से बनने वाली 150 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण काम जल्द ही शुरू होगा. फोरलेन निर्माण को लेकर सांसद बंटी विवेक साहू ने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था. जिसके जबाव में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद बंटी विवेक साहू को पत्र भेजकर फोरलेन निर्माण को लेकर की जाने वाली प्रक्रिया से अवगत कराया.

सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि “केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 2,500 करोड़ की लागत से बनने वाले छिंदवाड़ा से सावनेर और छिंदवाड़ा से सिवनी के 150 किलोमीटर फोरलेन मार्ग के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है. इसके निर्माण को लेकर विभागीय प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.” केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा सांसद बंटी विवेक साहू को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 547 छिंदवाड़ा से सावनेर एवं 347 छिंदवाड़ा से सिवनी को फोरलेन में कन्वर्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.

सरकार के ट्रैफिक सर्वेक्षण के परिणामों के आधार पर और इन सड़कों पर ब्लैक स्पॉटस की उपस्थिति, सामाजिक व आर्थिक महत्व तथा पर्यटन स्थलों से जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए फोरलेन चौड़ीकरण के लिए डिटेल परियोजना रिपोर्ट डीपीआर तैयार करने के लिए परामर्शदाता की नियुक्ति संबंधी निविदाएं प्राप्त कर ली गई हैं. डीपीआर के तैयार होने एवं उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी. पत्र के अनुसार केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग ने फोरलेन के निर्माण को लेकर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है. कार्यवाही पूरी होते ही अब जल्द ही नेशनल हाइवे 547 छिंदवाड़ा से सावनेर एवं 347 छिंदवाड़ा से सिवनी को फोरलेन में कन्वर्ट करने का काम प्रारंभ कर दिया जायेगा.

सांसद बंटी विवेक साहू ने बताया कि “छिंदवाड़ा से सावनेर तक फोरलेन सड़क का निर्माण हो जाने से जहां जिले के निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी वहीं छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के विकास को गति भी मिलेगी. अभी छिन्दवाड़ा से नागपुर तक जाने में लगभग 4 घण्टे का समय लगता है जो कि घटकर 2 घण्टे का रह जायेगा, वहीं दुर्घटनाएं भी कम होंगी.फोरलेन बन जाने से छिंदवाड़ा और सौंसर में नये उद्योग खुलने की संभावनाएं भी बढ़ जायेंगी. दोनों जिलों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

सिवनी से महाराष्ट्र के सावनेर तक 150 किलोमीटर की फोरलेन सड़क
छिंदवाड़ा जिला महानगरों की तर्ज पर विकसित हो रहा है. कई बड़ी औद्योगिक इकाईयां भी जिले में संचालित हैं. भविष्य में यहां पर कृषि आधारित उद्योग भी स्थापित किये जाने हैं. यहां कन्हान नदी पर 4 हजार करोड़ की लागत वाले छिंदवाड़ा सिंचाई काम्पलेक्स का काम जारी है. वहीं पेंच व्यवर्तन सिंचाई परियोजना जिसकी लागत लगभग ढाई हजार करोड़ है वह भी पूरी हो गई है. फोरलेन सड़क बन जाने से इन परियोजनाओं का लाभ भी जिलेवासियों को जल्द ही मिल सकेगा”.

Leave a Reply