यूपी के बांदा में स्मार्ट मीटर की समस्या को लेकर एक अजीबोगरीब विरोध प्रदर्शन देखने को मिला है। शादी के दिन जिस दूल्हे को बारात लेकर दुल्हन को लेने जाना चाहिए, वही दूल्हा बारात ले जाने से पहले, बैंड बाजे के साथ जिला अधिकारी कार्यालय (डीएम ऑफिस) पहुंच गया। नारेबाजी करते हुए बाराती प्रदर्शन किए और बिजली बहाल करने की मांग की।

दरअसल, शादी के दिन दूल्हे के घर मेहमान और रिश्तेदार पहुंचे हुए थे। इस बीच स्मार्ट मीटर से बिजली कट गई। इससे घर में अंधेरा छा गया। इससे नाराज दूल्हा बारातियों को लेकर डीएम ऑफिस पहुंच गया और बिजली बहाल करने की मांग करने लगा। दूल्हे का कहना था कि पुराना मीटर फिर से लगाया जाए और नया प्रीपेड स्मार्ट मीटर को हटाया जाए। डीएम से दूल्हे ने कहा कि घर में बिजली नहीं है, वह कैसे शादी करके दुल्हन घर लेकर आए। इस भीषण गर्मी में दुल्हन बिना बिजली के घर में कैसे रह पाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उजरेहटा में एक नौजवान की सोमवार को शादी होनी थी। बारात की तैयारियां चल रही थी। इस बीच घर में बिजली गुल हो गई। बारात ले जाने से पहले दूल्हा स्वयं बैंड बाजे के साथ बुंदेलखंड इंसाफ सेना के साथ में जिला अधिकारी कार्यालय पहुंच गया।
दूल्हे से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि आज मेरी शादी है और स्मार्ट मीटर की वजह से अधिक बिल आने की वजह से मैं परेशान हूं। दूल्हे ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि जिले के विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगाकर अपनी ड्यूटी से मुंह फेर लिए हैं। किसके यहां कैसा और कितना बिल पहुंच रहा है, कोई लेना-देना नहीं है। नौजवान पीढ़ी क्या कमांएगी और क्या बिजली का बिल भरेगी।





