1 लीटर दूध का’ ऑर्डर करना”! पड़ा महिला को महंगा, गंवा बैठी साढ़े 18 लाख रुपये

1 लीटर दूध का’ ऑर्डर करना”! पड़ा महिला को महंगा, गंवा बैठी साढ़े 18 लाख रुपये

मुंबई: 71 वर्षीय एक महिला को ऑनलाइन एक लीटर दूध का ऑर्डर करना महंगा पड़ गया। महिला को दूध तो नहीं मिला लेकिन ऑनलाइन दूध मंगाने के चक्कर में 18 लाख 50 हजार का चूना लग गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वडाला निवासी महिला ने 4 अगस्त को ऑनलाइन दूध मंगाने के लिए एक नामचीन ऐप के जरिए दूध का ऑर्डर किया था। इसके कुछ समय बाद एक व्यक्ति का फोन आया जिसने खुद को एक ब्रांडेड दूध कंपनी का कार्यकारी अधिकारी दीपक बताया। उसके मोबाइल फोन नंबर पर एक लिंक भेजकर दूध ऑर्डर करने के लिए अपना विवरण देने को कहा।

दोनों के बीच एक घंटे तक बातचीत होती रही
साथ ही, महिला को कॉल डिस्कनेक्ट किए बिना लिंक पर क्लिक कर आगे के निर्देशों का पालन करने को भी कहा। इस दौरान, दोनों के बीच एक घंटे तक बातचीत होती रही। हालांकि, एक घंटे से ज़्यादा समय तक कॉल चलने के कारण महिला ऊब गई और उसने फ़ोन काट दिया। इसके अगले दिन महिला को उसी व्यक्ति (आरोपी) का दोबारा फोन आया, जिसने महिला से बात करते हुए उससे बैंकिंग जानकारी जुटा ली और फोन काट दिया।अगले दिन महिला को पैसे निकासी के कुछ नोटिफिकेशन मिले। इसके बाद वह बैंक गई तो पता चला कि उसके एक खाते से 1 लाख 70 हजार निकाल लिए गए और उसके अन्य दो बैंक खाते भी खाली कर दिए गए। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला को अपने तीनों बैंकों में जमा कुल 18.5 लाख का नुकसान हुआ और उसके तीनों बैंक खाते खाली हो गए।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पता चला कि आरोपी ने शिकायतकर्ता के फोन पर लिंक भेजकर उसको क्लिक करवा कर उसको बात में उलझाए हुए रखकर उसका नंबर हैक कर लिया और फिर साइबर ठगी वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में, महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।