बडा हादसाः नाव पलटने से 68 की मौत, 74 लापता; 154 लोग थे सवार

बडा हादसाः नाव पलटने से 68 की मौत, 74 लापता; 154 लोग थे सवार

यमन के तटवर्ती जलक्षेत्र में रविवार (स्थानीय समयानुसार) को एक नाव पलट गई। संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी ने बताया कि इस नाव दुर्घटना में 68 अफ्रीकी प्रवासियों की मौत हो गई और 74 अन्य लापता हो गए। हालांकि, 12 प्रवासियों को बचा लिया गया है।

यमन में अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के प्रमुख अब्दुसत्तोर एसोव ने बताया कि नाव में 154 इथियोपियाई प्रवासी सवार थे। यह नाव यमन के अबयान प्रांत के तट पर पलट गई। उन्होंने बताया कि नाव दुर्घटना में 12 प्रवासियों को बचा लिया गया है।

खानफर जिले में किनारे पर मिले 54 प्रवासियों के शव
एसोव ने आगे बताया गया कि 54 प्रवासियों के शव खानफर जिले में किनारे पर मिले। जबकि 14 अन्य एक अलग जगह पर मृत पाए गए। उन्होंने बताया कि मृतकों को अस्पताल के मुर्दाघर में ले जाया गया है।

अबयान सुरक्षा निदेशालय के मुताबिक, हादसे के बाद बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया. तट के अलग-अलग हिस्सों पर शव बिखरे हुए मिले, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया. स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं.

हालांकि यमन खुद एक दशक से ज्यादा समय से गृहयुद्ध झेल रहा है, फिर भी यह अफ्रीकी प्रवासियों के लिए खाड़ी देशों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग बना हुआ है. प्रवासी अक्सर मानव तस्करों के जरिए खचाखच भरी नावों में खतरनाक समुद्री यात्रा करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *