अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान-इजराइल युद्ध के बीच बड़ा ऐलान कर दिया है. ट्रंप के मुताबिक इजराइल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्ध विराम पर सहमति बन गई है, जिसका मकसद क्षेत्र में तनाव कम करना है. राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर युद्ध विराम की घोषणा करते हुए कहा कि यह लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हुई बातचीत के बाद हुआ है. अमेरिकी समय के मुताबिक ये युद्धविराम शाम 5 बजे से लागू होगा.ये सीजफायर की घोषणा तब हुई है जब इजराइली हमले में मरने वाले लेबनानियों की संख्या 2196 हो गई है.

दरअसल इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह के बीच एक महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के बाद लेबनान और इजराइल ने मंगलवार को वाशिंगटन में दशकों बाद पहली बार सीधी राजनयिक वार्ता की. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और अन्य को इजराइल और लेबनान के साथ मिलकर स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए काम करने का निर्देश दिया है.
34 साल बाद मिले इजराइल लेबनान के नेता
ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों ने 34 साल में पहली बार वाशिंगटन में हमारे विदेश मंत्री मार्को रुबियो की उपस्थिति में मुलाकात की. मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री रुबियो को संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैन रजिन केन के साथ मिलकर इजराइल और लेबनान के साथ स्थायी शांति स्थापित करने के लिए काम करने का निर्देश दिया है. विश्व भर में 9 युद्धों को खत्म करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां युद्ध होगा.
इजराइल-लेबनान के नेताओं की करेंगे मेजबानी
ट्रंप ने कहा कि वे इजराइल और लेबनान के नेताओं की व्हाइट हाउस में मेजबानी करने की योजना बना रहे हैं, जिसे उन्होंने दशकों में दोनों देशों के बीच पहली सार्थक बातचीत बताया.ट्रंप ने कहा, मैं इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन को व्हाइट हाउस में आमंत्रित कर रहा हूं, जो 1983 के बाद दोनों देशों के बीच पहली सार्थक वार्ता होगी, जो बहुत लंबा समय है. उन्होंने आगे कहा, दोनों पक्ष शांति चाहते हैं, और मुझे विश्वास है कि यह जल्द ही होगा.
जल्द खत्म होना चाहिए युद्ध:लेबनान
वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ ऑन के कार्यालय ने एक्स पर लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच फोन पर बातचीत हुई. इस दौरान राष्ट्रपति आउन ने लेबनान में युद्धविराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए एक बार फिर उनका आभार जताया. इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग खुला है. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके. वहीं लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने देश में हुए इस नए घटनाक्रम का स्वागत किया और हालिया संघर्ष से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.





