कंगाली में आटा गीला, ये लाइन आपने जरूर सुनी होगी। लेकिन अगर आपको इसके बारे में ज्यादा समझ नहीं आता है कि इसका मतलब क्या होता है तो आईपीएल में अजिंक्य रहाणे के साथ जो हुआ, उससे समझ में आ जाएगा। एक तो केकेआर की टीम अभी तक अपनी पहली जीत के लिए तरस रही है, वहीं टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर एक नया एक्शन ले लिया गया है, जो उनके लिए मुश्किल का सबब बन गया है।

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम आईपीएल में इस साल एक भी मैच अब तक नहीं जीत पाई है। टीम ने पांच मैच खेले हैं और चार में उसे हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद हो गया था, इसलिए उसका एक अंक मिला है। हालांकि जब मैच बारिश के कारण रोका गया, तब भी केकेआर की हालत खराब थी और मैच पूरा होता तो उसे हार का सामना करना पड़ सकता था। टीम के लिए अब टॉप 4 तक पहुंच पाना करीब करीब टेढ़ी खीर हो गई है।
मंगलवार को आईपीएल में केकेआर और सीएसके के बीच मैच खेला गया। इसमें केकेआर की टीम को 32 रनों से हार मिली है। सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन बनाए थे। यानी केकेआर को केवल 193 रन ही बनाने थे, लेकिन टीम वहां तक भी नहीं पहुंच पाई। जब सीएसके की बैटिंग का आखिरी ओवर शुरू हुआ तो पता चला कि केकेआर की टीम स्लोओवर रेट में फंस गई है। अब आईपीएल ने एक्शन लेते हुए कप्तान रहाणे पर जुर्माना लगा दिया है।
आईपीएल की ओर से इस बारे में बताया गया है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर जुर्माना लगाया गया है। रहाणे की टीम ने चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच नंबर 22 के दौरान धीमी ओवर-रेट बनाए रखी। यह IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत इस सीज़न में उनकी टीम का पहला उल्लंघन था, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है। रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
हालांकि रहाणे पर ये एक्शन पहली बार लिया गया है, इसलिए छोटा जुर्माना लगा है और रहाणे अगले मैच में खेलते रहेंगे। लेकिन अगर एक और दफा ऐसा हुआ तो जुर्माने की राशि बढ़कर 25 लाख भी की जा सकती है। इस बीच केकेआर का अगला मुकाबला इस साल के आईपीएल में 17 अप्रेल को गुजरात टाइटंस से होगा। अगर इस मैच में भी केकेआर की टीम हारी तो फिर उसके लिए रही बची संभावना भी खत्म हो जाएगी।





