सऊदी अरब ने हज 2026 की तैयारियों के तहत बड़े और सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं. इन नियमों के तहत अब मक्का (Makkah) में बिना आधिकारिक हज परमिट के प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. इसके साथ ही उमराह वीजा भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं. यह कदम दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक हज को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उठाया गया है.

जानकारी के मुताबिक यह फैसला हज और उमराह मंत्रालय (Ministry of Hajj and Umrah) और सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय (Ministry of Interior Saudi Arabia) के संयुक्त प्रयासों के तहत लिया गया है. यह फैसला ऐसे समय में आया है जब आने वाले हफ्तों में लाखों तीर्थयात्रियों के आगे की उम्मीद हैं और किंगडम भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों को बढ़ा रहा है.
क्यों लिया फैसला
अधिकारियों के अनुसार, हर साल लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों को और मजबूत किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि ये उपाय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पवित्र स्थलों पर सुचारू आवाजाही बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी हैं.
मक्का में प्रवेश के नए नियम
13 अप्रैल 2026 से लागू नियमों के अनुसार केवल वैध हज परमिट रखने वाले लोगों को ही मक्का में प्रवेश की अनुमति होगी. साथ ही मक्का से जुड़े आधिकारिक कार्य या निवास परमिट वाले लोगों को ही प्रवेश मिलेगा. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि इस अवधि के दौरान पर्यटकों और उमराह तीर्थयात्रियों सहित अन्य सभी वीजा धारकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सऊदी मीडिया द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने यह निर्णय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पवित्र स्थलों के भीतर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है. मक्का में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा चौकियों को मजबूत कर दिया गया है. सरकार ने मक्का के सभी प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा चेकपॉइंट्स भी बढ़ा दिए हैं, ताकि बिना अनुमति प्रवेश को रोका जा सके.
डिजिटल सिस्टम से निगरानी
सऊदी अरब ने पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल तकनीकों का उपयोग बढ़ाया है. Nusuk app जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए तीर्थयात्रियों की पहचान और परमिट की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना, निर्वासन (डिपोर्टेशन) और भविष्य में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है.
हज के नजदीक आने के साथ ही सऊदी अरब ने आधिकारिक तौर पर उमराह परमिट निलंबित कर दिए हैं, जो पवित्र स्थलों की तैयारी के लिए एक मानक वार्षिक कदम है.हज की तैयारियों के चलते उमराह से जुड़े महत्वपूर्ण तारीखें भी घोषित कर दी गई हैं
उमराह से जुड़ी अहम डेडलाइन
उमराह वीजा जारी होने की अंतिम तिथि: 19 मार्च 2026
उमराह वीजा पर सऊदी में प्रवेश की अंतिम तिथि: 23 अप्रैल 2026
उमराह यात्रियों के लिए अंतिम निकासी तिथि: 18 अप्रैल 2026
इन तारीखों के बाद:
उमराह वीजा पर सऊदी अरब में प्रवेश नहीं मिलेगा.
बिना हज परमिट के मक्का में रुकना प्रतिबंधित होगा.
वैध वीजा भी इन प्रतिबंधों को रद्द नहीं कर सकते.
हज 2026: कितने श्रद्धालु आएंगे?
सऊदी अरब ने 8 फरवरी 2026 से हज वीजा जारी करना शुरू कर दिया था. अधिकारियों के अनुसार, 18 अप्रैल से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था पहुंचना शुरू होगा.हालांकि आधिकारिक तौर पर अंतिम आंकड़े अभी तक पुष्ट नहीं हुए हैं, लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि भागीदारी पिछले वर्षों के बराबर या उससे अधिक हो सकती है.पिछले साल यानी 2025 में करीब 18 लाख (1.8 मिलियन) लोगों ने हज किया था. इस साल यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि दुनियाभर से बड़ी संख्या में आवेदन पहले ही आ चुके हैं.
अधिकारियों ने यह भी बताया कि Nusuk app प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाखों आवेदनों पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी है, जो मजबूत अंतरराष्ट्रीय मांग को दर्शाता है. यह प्रणाली तीर्थयात्रियों को पैकेज, परमिट और सेवाओं को डिजिटल रूप से बुक करने की सुविधा देती है, जिससे अधिकारियों को वास्तविक समय में आगमन पर नज़र रखने और प्रबंधन करने में मदद मिलती है.
तीर्थयात्रियों के लिए जरूरी सलाह
अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि हज के दौरान मक्का में प्रवेश केवल आधिकारिक हज परमिट से ही संभव है और टूरिस्ट या विजिट वीजा के जरिए हज करने की कोशिश न करें. इसके साथ ही सभी बुकिंग और परमिट केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही करें. उमराह यात्रा हज यात्रा के समाप्त होने तक निलंबित रहेगी, जिसके जून में समाप्त होने की उम्मीद है जिसके बाद सेवाएं धीरे-धीरे फिर से शुरू हो जाएंगी.
सऊदी अरब हज 2026 को पूरी तरह नियंत्रित और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रहा है. सख्त नियम, डिजिटल निगरानी और चरणबद्ध व्यवस्था के जरिए सरकार लाखों श्रद्धालुओं के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करना चाहती है.





