हिंदी सिनेमा की दिग्गज प्लेबैक सिंगर आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया. मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली. वो 92 साल की थीं. म्यूजिक के साथ-साथ क्रिकेट जगत से भी उनका गहरा नाता रहा.

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली के साथ आशा भोसले ने ‘यू आर द वन’ गाना भी गाया था. ये गाना हिंदी और इंग्लिश में था. हिंदी शब्द आशा भोसले ने जबकि अंग्रेजी शब्द ब्रेट ली ने गाए थे. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2006 के दौरान में रिलीज हुए इस गाने को ब्रेट ली ने ही लिखा था. आशा भोसले की खनकदार आवाज में ये गाना भारत में सुपरहिट हुआ था और अभी भी यूट्यूब पर म्यूजिक लवर्स के बीच बहुत पॉपुलर है.
ब्रेट ली ने आशा भोसले को इमोशनल ट्रिब्यूट दिया है. उन्होंने आशा के साथ फोटोज शेयर करके लिखा, ‘2006 में मुझे आशा भोसले के साथ ‘You’re the One for Me’ लिखने और रिकॉर्ड करने का सौभाग्य मिला था. इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा. उनका टेलेंट ही नहीं, बल्कि उनका दयालु और विनम्र स्वभाव था जो मेरे दिल में सबसे बस गया.
आगे उन्होंने लिखा, ‘जिस इंसान ने अपनी ज़िंदगी में इतना कुछ हासिल किया हो और फिर भी वो इतनी आत्मीयता और उदारता के साथ पेश आती थीं. इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं. मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे उनके साथ समय बिताने का मौका मिला. उनकी विरासत आने वाली कई पीढ़ियों तक जिंदा रहेगी.’
आशा भोसले ने 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने गाए. उनके गाने आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं. बता दें कि आशा भोसले की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही थी. चेस्ट में इंफेक्शन के कारण उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हो गया.





