महाराष्ट्र के कल्याण में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एक डंपर और इको कार की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कल्याण-मुरबाड मार्ग पर रायता पुल के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही टिटवाला पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है। बताया जाता है कि इको कार में कुल 12 पैसेंजर सवार थे। यह कार मुरबाड़ जा रही थी। जैसे ही इको कार कल्याण के नजदीक रायता पुल के पास पहुंची उसकी टक्कर डंपर से हो गई।
वहीं इस मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एनएच 61 पर हुए इस हादसे को लेकर डीवाईएसपी ने प्राथमिक जानकारी देते हुए बताया कि एक इको कार और मिक्सर वाहन की आमने सामने टक्कर बेहद तेज रफ्तार में हुई, जिससे बड़ा नुकसान हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इको वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और सड़क पर पुल का केवल एक लेन चालू होने के कारण यातायात प्रभावित था, जिससे हादसे की स्थिति बनी।
डीवाईएसपी ने कहा कि इस पुल का औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ था, इसके बावजूद जल्दबाजी में इसे शुरू किया गया, जिसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि लापरवाही, ओवरलोडिंग और सड़क की स्थिति सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संबंधित विभागों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।





