Mathura Boat Accident Video: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक स्टीमर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्टीमर को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। स्टीमर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, लेकिन लापता श्रद्धालुओं की तलाश अभी भी जारी है।
10 लोगों की मौत
बताया गया कि स्टीमर में कुल 37 श्रद्धालु सवार थे। इनमें से 10 की मौत हो चुकी है, 8 घायल हैं, 14 लोग सुरक्षित हैं और 5 अभी भी लापता हैं। पहले आशंका जताई जा रही थी कि कुछ लोग स्टीमर के नीचे दबे हो सकते हैं, लेकिन स्टीमर निकलने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुछ श्रद्धालु नदी में डूबते हुए नजर आ रहे हैं।
वृंदावन नाव हादसे का Live Video –
पंजाब से आए 37 टूरिस्ट मछली की तरह यमुना नदी में बह रहे हैं। गनीमत ये रही कि वहां मौजूद 2 नाव तुरंत ही रेस्क्यू करने पहुंच गईं। जिसके बाद आधे से ज्यादा लोग सुरक्षित बचा लिए गए। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है, 5 लापता हैं। https://t.co/xiN3WRapa7 pic.twitter.com/B6FYDtcH7y
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 10, 2026
प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि पंजाब और स्थानीय प्रशासन लगातार संपर्क में हैं और सहायता के लिए टीमें भेजी गई हैं। साथ ही जगराओं और लुधियाना में 24×7 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने भी हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया है। इसके अलावा जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और एसपी ग्रामीण के मोबाइल नंबरों पर भी संपर्क किया जा सकता है।
–
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।





