Mohit Suri Birthday Special: फिल्मी दुनिया में कई नाम ऐसे हैं, जिन्होंने इंडस्ट्री में अपना नाम हासिल करने के लिए बहुत मेहनत की है. इनमें एक नाम फिल्म डायरेक्टर मोहित सूरी का भी शामिल है. उन्हें लोग एक कमाल के डायरेक्टर के तौर पर जानते हैं, लेकिन असल में इस मुकाम पर आने के लिए उन्होंने कई और पड़ाव भी पार किए हैं. मोहित सूरी ने अपने डायरेक्शन करियर की शुरुआत साल 2005 में फिल्म ‘जहर’ से किया था. आज यानी 10 अप्रैल को मोहित अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं, ऐसे में आइए उनकी बेस्ट फिल्म के बारे में जानते हैं.

मुंबई में जन्मे एक फिल्मी फैमिली से ताल्लुक रखते हैं, उनकी बहन ने कुछ फिल्मों में एक्टिंग की है. फेमस फिल्ममेकर महेश भट्ट, मुकेश भट्ट मोहित के मामा हैं. हालांकि, ऐसी फैमिली से होने के बावजूद मोहित ने अच्छी खासी ट्रेनिंग ली है. उन्होंने टी-सीरीज के ऑफिस में ऑफिस असिस्टेंट के तौर पर भी काम किया है. तो वहीं विक्रम भट्ट के साथ कुछ फिल्मों में उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर की तरह भी काम किया है.
ऑफिस बॉय के तौर पर काम
इतना ही नहीं महज 16 साल की उम्र में मोहित, महेश भट्ट के ऑफिस में ऑफिस बॉय के तौर पर भी काम करते थे, जहां पर उन्हें कैसेट डिलिवर करना होता था. हालांकि, इनके बीच मोहित ने अपनी पहली फिल्म ‘जहर’ बनाई, इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर एवरेज कमाई की थी. इसके बाद उन्होंने ‘कलयुग’, ‘वो लम्हे’, ‘आवारापन’, ‘राज: द मिस्ट्री कंटिन्यूज’ और ‘क्रूक’ जैसी फिल्में बनाई, लेकिन असल कमाल उनकी फिल्म ‘मर्डर 2’ ने किया. इस फिल्म ने जबरदस्त कमाई की थी, साल 2011 में रिलीज हुई ये फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी.
–
सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म
मोहित सूरी ने अभी तक के करियर में 14 फिल्मों का डायरेक्शन किया है, जिसमें से सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म की बात करें, तो वो ‘सैयारा’ है. ‘सैयारा’ साल 2025 में रिलीज हुई थी, जिसमें अहान पांडे और अनीत पड्डा लीड रोल में थे. फिल्म को लोगों ने खूब पसंद किया था और इसका काफी क्रेज भी देखने को मिला था. कमाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस फिल्म ने रिलीज के 4 दिन में ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. कुल कमाई की बात करें, तो ‘सैयारा’ 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. ये फिल्म केवल 40 करोड़ के बजट में बनी थी.





