
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा में आज 2 युवक नदी में डूब गए। दोनों युवक चंबा के ओड्रा मंगला खड्ड में नहाने उतरे थे। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से दोनों गहरे पानी में डूब गए। एक का शव खड्ड से निकाल दिया गया है, जबकि दूसरे युवक का अभी सुराग नहीं ल
सूचना के अनुसार, चंबा के चांजू गांव के नितेश और अंकू ओड़रा खड्ड में नहाने के लिए पहुंचे थे। पहले अंकू पानी में डूबा, उसे गहरे पानी में गिरते देख नितेश बचाने गया। पीछे से वह भी पानी में डूब गया। नितेश का शव बरामद कर लिया गया। जबकि अंकू अभी लापता है।
यह हादसा आज सुबह 11 बजे हुआ। जब दोनों युवक डूबे तो उस दौरान काफी संख्या में दूसरे युवक भी खड्ड में नहा रहे थे। कुछ युवकों ने इसकी सूचना ग्रामीणों के माध्यम से स्थानीय प्रशासन को दी। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन दल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन जारी है।
सर्च ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं। मगर जिस जगह दोनों लड़के डूबे वहां पानी काफी गहरा बताया जा रहा है। गोताखोर कई बार गहराई में जाकर लापता लड़के को खोजने की कोशिश कर चुके हैं। मगर अब तक कामयाबी नहीं मिल पाई।
एक शव पोस्टमॉर्टम के लिए चंबा भेजा
पुलिस ने एक युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
बीए अंतिम वर्ष का छात्र था नितेश
पुलिस के अनुसार, नितेश चंबा कॉलेज में अंतिम वर्ष का छात्र है, जो भद्रम में किराए के कमरे में रहता था। अंकू अपने बीमार पिता को उपचार के लिए चंबा अस्पताल लाया था। अंकू पिता को नितेश के क्वार्टर में छोड़ कर उसके साथ नहाने चला गया।