Wednesday, April 8, 2026
Viral

उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से लौटी कड़ाके की ठंड, फसलों को भारी नुकसान


देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीती रात और बुधवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में हो रही लगातार बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। तापमान में आई भारी गिरावट से मैदानी इलाकों में भी ठंड का अहसास होने लगा है।

श्रीनगर व ऋषिकेश: श्रीनगर में सुबह से बारिश जारी है, जिससे तापमान अनियमित हो गया है। ऋषिकेश में सुबह 4 बजे से शुरू हुई तेज वर्षा के कारण मौसम में काफी ठंडक आ गई है।
कोटद्वार व हरिद्वार: कोटद्वार में बीती रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में देर रात से हो रही वर्षा ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

चमोली व रुद्रप्रयाग: उच्च शिखरों पर हिमपात जारी है। बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और गौरसो की चोटियों के साथ-साथ केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग पर भी बर्फबारी हुई है।
टिहरी: जिला मुख्यालय में मंगलवार रात से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।

नैनीताल व रामनगर: नैनीताल और रामनगर में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है।

बागेश्वर (पिंडारी): पिंडर घाटी और पिंडारी क्षेत्र में बर्फ की फुहारें पड़ने से दिसंबर जैसी सर्दी का अहसास हो रहा है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा: पिथौरागढ़ में 3000 मीटर से कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात का पूर्वानुमान है। अल्मोड़ा में न्यूनतम तापमान 6°C और काशीपुर में 12°C तक गिर गया है।
रुद्रपुर व चंपावत: तड़के से हो रही रिमझिम बारिश ने पूरे क्षेत्र को कोहरे और ठंड की चादर में लपेट दिया है।

बारिश और ओलावृष्टि (डोईवाला क्षेत्र) ने काश्तकारों की चिंता बढ़ा दी है…
गेहूं की फसल: जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में फैलाई थी, पानी भरने से उन्हें भारी नुकसान की आशंका है। खड़ी फसलों को भी ओलावृष्टि से क्षति पहुंची है।
आम की फसल: आम के बागों पर पहले ही ‘चेपा रोग’ का प्रकोप था। बारिश के कारण छिड़की गई दवाओं का असर खत्म हो गया है, जिससे पैदावार प्रभावित होने का डर है।

शहर से देहात तक कई इलाकों की बिजली गुल
रुड़की: शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक कई इलाकों में सुबह से बिजली गुल है। जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुग्गावाला बिजलीघर पर जा रही लाइन पर बांस के पेड़ गिरने की वजह से आपूर्ति बाधित हो गई है। वर्षा के कारण इन पेड़ों को हटाने में परेशानी हो रही है। वहीं रुड़की के जामुन रोड पर एक बड़ा पेड़ गिर गया है। जिसकी वजह से कई जगह की इंटरनेट सेवा बाधित हो गई है। वहीं धनौरी एवं रामनगर क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति गुल है। झबरेड़ा क्षेत्र में भी कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply