
चंडीगढ़ : हरियाणा पुलिस के ‘अभेद्य’ ऐप को लेकर आमजन में तेजी से विश्वास बढ़ रहा है। 6 अप्रैल 2026 तक राज्यभर में कुल 230 लोगों द्वारा इस ऐप को डाऊनलोड किया जा चुका है, जो हरियाणा पुलिस की इस अनूठी पहल की स्वीकार्यता को दर्शाता है।
हरियाणा पुलिस का ‘अभेद्य’ ऐप अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से आने वाले धमकी भरे कॉल पर प्रभावी नियंत्रण का एक मजबूत तकनीकी माध्यम बनकर उभरा है। यह ऐप संदिग्ध अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से आने वाले वॉयस कॉल्स, मैसेज, फोटो, वीडियो और वॉयस नोट को तुरंत ब्लॉक कर देता है और यूजर के पास किसी प्रकार की धमकी को पहुंचने से पहले ही डिलीट कर देता है, जिससे अपराधियों को स्थानीय नंबरों का सहारा लेना पड़ता है और पुलिस के लिए उनकी ट्रैकिंग आसान हो जाती है।
अभेद्य ऐप से देशभर में बना नया मानक, अन्य राज्य भी अपना रहे मॉडल: सिंघलः हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि ‘अभेद्य’ ऐप की उल्लेखनीय सफलता ने पूरे देश में एक नई दिशा और मानक स्थापित किया है। हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित इस तकनीकी पहल को देखते हुए देश के कई राज्य अब इसी मॉडल को अपनाने और अपने स्तर पर ऐसे सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
इस तरह से काम करता है अभेद्य ऐप : कबिराजः हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर शिवास कबिराज ने बताया कि अभेद्य हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित एक मोबाइल-आधारित नागरिक सुरक्षा प्रणाली है यह ऐप अज्ञात अंतर्राष्ट्रीय नंबरों, वर्चुअल नंबरों और सेव न किए गए संदिग्ध संपकों की पहचान करता है। यह संदिग्ध कॉल्स को ब्लॉक करता है तथा चैट, वॉइस नोट, वीडियो और इमेज जैसी सामग्री को उपयोगकर्ता तक पहुंचने से पहले हटा देता है।





