
ईरान में तबाही मचाने की ट्रंप की धमकियों के बीच तेहरान में भारतीय दूतावास ने अपने लोगों के लिए ‘इमरजेंसी’ एडवाइजरी जारी की है. दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीयों से कहा है कि अगले 48 घंटों तक किसी भी हाल में बाहर न निकलें. यह साफ मैसेज है कि ईरान में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं.
जानें क्या कहा..
जहां हैं, वहीं रहें: भारतीय दूतावास ने कहा कि जो भारतीय नागरिक ईरान में जहां भी मौजूद हैं, वे अगले 48 घंटों तक उसी स्थान पर डटे रहें. अनावश्यक यात्रा या मूवमेंट से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है. बिजली और सैन्य ठिकानों से दूरी: मैसेज में साफ कहा गया है कि भारतीय नागरिक किसी भी इलेक्ट्रिक इंस्टॉलेशन, पावर प्लांट, मिलिट्री ठिकानों या सरकारी इमारतों के पास न जाएं. यह निर्देश इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि ये ठिकाने किसी भी हमले की स्थिति में प्राइम टारगेट हो सकते हैं.
ऊपरी मंजिलों पर न रुकें: सुरक्षा कारणों से मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग्स यानी बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों को खाली करने और निचले हिस्सों में रहने की सलाह दी गई है. हवाई हमले की आशंका में अक्सर यह सुरक्षात्मक कदम उठाया जाता है.
हाईवे मूवमेंट पर पाबंदी: यदि किसी को मजबूरी में हाईवे पर निकलना भी पड़े, तो उसे अनिवार्य रूप से भारतीय दूतावास के साथ तालमेल करना होगा. बिना सूचना के सड़क मार्ग से यात्रा करना खतरे से खाली नहीं है.
एंबेसी होटल्स में सुरक्षा: जो लोग दूतावास द्वारा हायर किए गए होटलों में रुके हैं, उन्हें होटल के अंदर ही रहने और ऑन-साइट दूतावास की टीम के लगातार संपर्क में रहने का निर्देश दिया गया है.
क्यों जारी की गई ये एडवाइजरी?
ईरान में इस समय हालात खतरनाक बने हुए हैं. एक तरफ ईरान के राष्ट्रपति पज़ेश्कियान और शक्तिशाली सेना IRGC के बीच आंतरिक कलह की खबरें आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ इजरायल और अमेरिका की मिसाइलें ईरान के परमाणु और बिजली ठिकानों को निशाना बना सकती हैं. चूंकि ईरान ने अपने नागरिकों को ह्यूमन चेन बनाने के लिए उकसाया है, ऐसे में भारत सरकार नहीं चाहती कि कोई भी भारतीय नागरिक अनजाने में किसी भी संघर्ष का हिस्सा बने या किसी हमले की जद में आए.
फंस जाएं तो तुरंत करें यहां फोन
भारतीय दूतावास ने नागरिकों की मदद के लिए कुछ मोबाइल नंबर्स और ईमेल आईडी जारी की है, जो 24 घंटे ऑपरेशनल हैं
मोबाइल नंबर्स: +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359
ईमेल: [email protected]





