
Rewa News: मध्यप्रदेश के रीवा में एक पुल में आई दरार ने बड़ा ट्रैफिक संकट खड़ा कर दिया है. बीहर नदी पर बने इस पुल के क्षतिग्रस्त होते ही उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त रूट बंद हो गया. हालात ऐसे हैं कि कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन घंटों से फंसे हुए हैं.
पुल में आई खतरनाक दरार, आवाजाही बंद
रीवा बायपास पर बने इस पुराने पुल के गर्डर में गंभीर क्रैक आ गया है और पियर कैप भी क्षतिग्रस्त हो गया है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 30 अप्रैल तक इस पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है. बताया जा रहा है कि पुल का एक हिस्सा 4 से 6 इंच तक धंस गया है, जिससे खतरा और बढ़ गया है.
UP जाने वाले रास्ते पर संकट
यह रास्ता प्रयागराज और वाराणसी जैसे बड़े शहरों को जोड़ता है. अब वाहनों को चित्रकूट और सतना-मैहर के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है, लेकिन इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
डायवर्जन के बाद भी नहीं थम रहा जाम
प्रशासन ने जगह-जगह डायवर्जन के बोर्ड लगाए हैं, लेकिन फिर भी बायपास पर ट्रैफिक कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा है. खासकर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को रास्ते समझने में परेशानी हो रही है.
नई सड़क निर्माण बना वजह?
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के पास सिक्स लेन सड़क का निर्माण चल रहा था. संभावना जताई जा रही है कि इसी दौरान कोई तकनीकी गड़बड़ी हुई, जिससे पुराना पुल कमजोर हो गया.
कलेक्टर ने क्या कहा?
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि प्रयागराज प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है ताकि ट्रैफिक को सही तरीके से डायवर्ट किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक महीने के अंदर पुल की मरम्मत कर आवाजाही फिर से शुरू करने की कोशिश की जाएगी.
लोगों के लिए जरूरी सलाह
अगर आप इस रूट से यात्रा करने की सोच रहे हैं, तो पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर लें. अचानक इस बदलाव से सफर लंबा और मुश्किल हो सकता है.





