
Begusarai Liquor Smuggler: बिहार का मोतिहारी जहरीली शराब कांड इन दिनों काफी चर्चा में है. यहां जहरीली शराब पीने से अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अब भी गंभीर रूप से बीमार हैं. इस घटना के बाद भी प्रदेश के शराब तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं. ताजा मामला बेगूसराय से सामने आया है, जहां तस्करों ने विद्या के मंदिर यानी सरकारी स्कूल को भी नहीं छोड़ा. जानकारी के मुताबिक, यहां तस्करों ने शराब छिपाने के लिए सरकारी स्कूल के शौचालय का इस्तेमाल किया. जिसे स्कूल में पढ़ने वाले कई बच्चों ने पी लिया. बच्चे जब नशे में अपने-अपने पहुंचे तो इस घटना का खुलासा हुआ.
यह घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बछवाड़ा पंचायत के सिसवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय सिसवा की है. स्कूल के शौचालय में रखी शराब को पीकर जब बच्चे अपने-अपने घर पहुंचे. इसके बाद पीड़ित बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाध्यापक को स्थिति से अवगत कराया. अभिभावकों की शिकायत पर शौचालय की तलाशी ली गई तो वहां शराब रखी हुई पाई गई. जिसे देखकर सभी लोग हैरान रह गए. इसके बाद बछवाड़ा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस विद्यालय पहुंचकर जर्जर शौचालय से शराब को बरामद किया.
नशे में घर पहुंचे छात्र की पहचान सिसवा गांव निवासी मोहम्मद परवेज आलम के लगभग 11 वर्षीय बेटे मोहम्मद शोएब के रूप में हुई. घटना के बाद छात्र का इलाज एक स्थानीय डॉक्टर से कराया गया. छात्र की तबीयत अब ठीक बताई जा रही है. छात्र की मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि शोएब लड़खराते हुए घर पहुंचा था, जिसे देखकर हम लोग चौंक गए. उसके मुंह से शराब जैसी बदबू आ रही थी. इसके बाद उसके दोस्तों से पूछे तो उसने बताया कि शोएब ने विद्यालय के पीछे बंद पड़े शौचालय के पास रखे शराब को उठाकर पी लिया है. इसके बाद विद्यालय पहुंच कर प्रधानाध्यापक को जानकारी दी और बंद पड़े शौचालय के पास गए तो देखा कि भारी मात्रा में शराब मिली है.
इस घटना पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि छात्र शोएब के परिजनों द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त छात्र शराब के नशे में घर पहुंचा है. इसके बाद विद्यालय के पूर्वी भाग स्थित जर्जर शौचालय में देखा तो कई शराब की पेटियां रखी हुई थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस के द्वारा लगभग 25 पेटियां शराब बरामद की गई है. इस संबंध में थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सिसवा के जर्जर शौचालय से विदेशी शराब बरामद किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.





