
ऊना. हिमाचल प्रदेश के ऊना के गांव बहडाला में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक प्रवासी मासूम बच्ची को मामूली बात पर अमानवीय यातना झेलनी पड़ी. बताया जा रहा है कि बच्ची ने एक व्यक्ति के पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था, जिस पर गुस्साए पूर्व फौजी ने उसे सीढ़ियों से बांध दिया और बेरहमी से पिटाई की. मामले की वीडियो वायरल होने के बाद घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. फिलहाल,पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और बच्ची और उसके परिवार के बयान दर्ज किए हैं.
जानकारी के अनुसार, मर्चेंट नेवी में तैनात कैप्टन रोहित जसवाल मौके पर पहुंचे और बच्ची की हालत देखकर तुरंत हस्तक्षेप किया. उन्होंने आरोपी से बच्ची को छोड़ने को कहा, लेकिन वह नहीं माना. बाद में आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
कैप्टन रोहित जसवाल ने साहस दिखाते हुए बच्ची को छुड़ाकर सुरक्षित घर पहुंचाया और मामले की सूचना पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन को दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है. कैप्टन रोहित जसवाल ने बताया कि वह दुकान में जा रहे थे तो उन्होंने देखा आरोपी पूर्व फौजी बच्ची को घसीट रहा था. रोहित ने बताया कि उन्हें लगा कि वह उसकी बेटी होगी. हालांकि, जब लौटे तो देखा कि बच्ची की पिटाई कर दी. आरोपी ने उन्हें भी डंडा दिखाया. बाद में उन्होंने किसी तरह बच्ची को छुड़ाया. हालांकि, बाद में बच्ची को छोड़ने के बाद जब वह लौटे तो फिर आरोपी ने उनसे माफी मांगी.
दरअसल, आरोपी ने न केवल बच्ची को सीढ़ियों के साथ बांध दिया, बल्कि उसकी बेरहमी से पिटाई भी की. कैप्टन रोहित जसवाल ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने बच्ची के साथ हो रही क्रूरता देखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे बचाया.हालांकि, आरोपी ने अपने कृत्य के लिए माफी मांग ली है. उधर, हिमाचल प्रदेश महिला आयोग की चेयरमैन विद्य़ा नेगी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आयोग ने भी घटना को लेकर संज्ञान लिया है.
घटना की एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें बच्ची को सीढ़ियों के साथ बांधा गया है. कैप्टन रोहित जसवाल को आते देख बच्ची जोर जोर से चिल्ला रही है कि अंकल मुझे बचा लो. इस दौरान बच्ची जोर जोर से रोती रही. बाद में बच्ची ने बताया कि उसने अमरूद नहीं चुराए थे. बच्ची कहने लगी कि आप उसके घर पर भी मत बताना, वर्ना परिजन भी उसकी पिटाई करेंगे. उधर, पूर्व फौजी कैप्टन से कहने लगे कि बच्ची चोरी कर रही रही थी. एसपी ऊना सचिन हीरामठ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पूर्व फौजी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 127(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा- 75 के तहत केस दर्द किया है.





