
Haryana News: हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 15 अप्रैल से शारीरिक माप परीक्षण (PMT) शुरू करने का संभावित शेड्यूल जारी कर दिया है. ऐसे में लाखों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो जाएगा. हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के 5500 पद हैं.
कब आएगा प्रवेश पत्र?
ओयाग के की तरफ से जानकारी दी गई है कि प्रवेश पत्र जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. इसे लेकर आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा कर दी है. इसके साथ ही उम्मीदवारों को ये सलाह दी गई हे कि वह समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें, जिससे कोई जरूरी अपडेट मिस न हो जाए.
देवीलाल स्टेडियम में तैयारियां शुरू
PMT के बाद उम्मीदवारों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST) लिया जाएगा. इसके लिए पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. आयोग ने खेल विभाग से स्टेडियम के बास्केटबॉल और वॉलीबॉल हॉल को रिजर्व करने के लिए कहा है. साथ ही परीक्षण प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए कोच की मांग भी की गई है.
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
भर्ती प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए आयोग के अधिकारियों ने खेल विभाग के साथ बैठक की है और स्टेडियम में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है. PMT के दौरान उम्मीदवारों की हाइट और सीना मापने के लिए आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके लिए अलग-अलग कंपनियों से टाई-अप किया जा रहा है.
इतने लाख युवाओं ने किया आवेदन
इस भर्ती के लिए करीब 2 लाख 70 हजार युवाओं ने आवेदन किया है. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए PMT की प्रक्रिया कई दिनों तक चलेगी. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयारी पूरी रखें और तय समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.





