
Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट करके नीतीश कुमार की सरकार पर तीखा वार किया है। राजद नेता के बयान पर सियासी घमासान मच गया है। जदयू और बीजेपी ने तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए लालू यादव को लपेट लिया वहीं, राजद और कांग्रेस बचाव में उतर गई है। तेजस्वी यादव नें ट्वीट करके बिहार की डबल इंजन सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। उन्होंने कहा है कि 𝟐𝟏 वर्षों के एनडीए शासन बाद भी बिहार विकास के सभी संकेतकों में राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे है।
रविवार को तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि 𝟐𝟏 वर्षों की 𝐍𝐃𝐀 सरकार और 𝟏𝟐 वर्षों की डबल इंजन सरकार के कर कमलों से विगत दो दशकों से शिक्षा-रोजगार-आय, औद्योगिक विकास-उत्पादन व निवेश तथा स्वास्थ्य सेवा-सुविधा और पोषण से लेकर अधिकांश सामाजिक, मानवीय और आर्थिक संकेतकों में बिहार सबसे निचले पायदानों पर आ गया है। बिहार को सबसे पिछड़ा और गरीब राज्य बताने पर भ्रष्ट शासकों को अपमान लगता है क्योंकि यह इनके सफेद झूठ व अपार असफलता का पर्दाफाश कर इनकी सच्चाई को उजागर करता है इसलिए एनडीए के कर्णधारों को यह असहनीय दर्द-पीड़ा होती है। अपनी असफलता छुपाने के लिए सरकार को चुनावों में चुनाव आयोग जैसी संस्था, भ्रष्ट अधिकारियों की चौकड़ी, सरकारी तंत्र का दुरुपयोग और मदद, 𝟏𝟎 हज़ार नगद और 𝟏 करोड़ नौकरी व हर महिला को 𝟐 लाख रुपए बांटने जैसे सफेद झूठ का सहारा लेना पड़ता है।
इस पर जवाब देते हुए बीजेपी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि तेजस्वी यादव क्यों अपने माता पिता के राज में बिहार की दुर्गति भूल जाते हैं। लालू जी के शासन काल में विकास गर्त में चला गया और अपराध, भ्रष्टाचार आसमान पर। तेजस्वी यादव कभी इस पर ट्वीट करके कुछ कहते। उनका ट्वीट झूठ का पुलिंदा है। आज बिहार हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। यह राज्य पीछे तब था जब उनके माता पिता का जंगलराज था। अब तो कई राज्यों से बिहार काफी आगे है।
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार कहा है कि माता पिता का संदेश लेकर केरलम गए थे। वहां उनके राज का जिक्र क्यों नहीं किया। बार बार ट्वीट गलत ट्वीट करते हैं। उन्हें याद नहीं कि जनता ने उन्हें क्वीट कर दिया है। कोई उनकी बातों का नोटिस नहीं लेता है।
ये भी पढ़ें:इंग्लिश स्पीच पर फंसे तेजस्वी, BJP नेता ने गलतियां गिनाकर पढ़ाया ग्रामर
वहीं राजद के प्रवक्ता एजाज अहमद ने पलटवार करते हुए कहा है कि बीजेपी और जदयू के नेताओं को लालू फोबिया के बाद तेजस्वी फोबिया पकड़ लिया है। बिना उनका नाम लिए रह नहीं सकते। अनर्गल प्रलाप करते रहते हैं। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता असीत नाथ तिवारी ने कहा है कि खैरात बांट कर बिहार को इन लोगों ने कंगाल कर दिया। सीएजी ने घोटालों की आशंका जताई है। इस पर इन नेताओं का कोई ध्यान नहीं है।





