
बिहार इस बार अप्रैल महीने की शुरुआत में ही भीषण गर्मी की चपेट में है जिससे 40 डिग्री से ऊपर तापमान पहुंच चुका है. मौसम विभाग के अनुसार आज शनिवार (4 अप्रैल) को भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. वहीं रविवार (5 अप्रैल) तक पूरे बिहार में अधिकतम तापमान में परिवर्तन की संभावना नहीं है. तापमान में करीब एक डिग्री के आसपास बढ़ोतरी हो सकती है.
कुल मिलाकर शनिवार (4 अप्रैल) को भी पूरे दिन गर्मी बरकरार रहने की संभावना है. परंतु आगामी सोमवार (6 अप्रैल) से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है और कई जिलों में तेज हवा एवं बारिश की संभावना बन रही है. वैसे आज के लिए मौसम विभाग ने कोई बड़ी चेतावनी नहीं दी है. परंतु दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है. परंतु तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग ने दी यह जानकारी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार शनिवार से दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. तापमान में एक डिग्री के आसपास बढ़ोतरी हो सकती है. परंतु कमी के आसार नहीं है, लेकिन आगामी 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना बन रही है.
इसका असर एक दिन पहले 6 अप्रैल से ही देखने को मिल मिलेगा. 6 अप्रैल किस से पूरे बिहार में खासकर दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ हल्की या मध्यम स्तर की वर्षा, मेघ गर्जन, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है. इस पश्चिमी विक्षोभ के 9 अप्रैल तक सक्रिय रहने का पूर्वानुमान है. 6 अप्रैल को दिन में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं बन रही है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी हो सकती है, लेकिन शाम से मौसम में बदलाव होने शुरू हो सकते हैं.
शुक्रवार को रहा सबसे ज्यादा गर्म दिन
अभी तक के अनुसार बीते शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) को सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा और सबसे अधिक तापमान रोहतास जिले के डेहरी में 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. दूसरे नंबर पर शेखपुरा जिला रहा जहां 39.9 डिग्री तो गया में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
राजधानी पटना भी पूरे दिन भीषण गर्मी की चपेट में रही. यहां 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. राज्य के अधिकांश जिलों में 37 डिग्री से 39 डिग्री के बीच तापमान रहा. हालांकि सबसे कम तापमान किशनगंज में 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा. न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी रही और 18 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस तक रात्रि और सुबह का तापमान दर्ज किया गया.
दक्षिण बिहार के अधिकांश जिले रहे गर्म
दक्षिण बिहार के अधिकांश जिले पूरी तरह गर्म रहे ,परंतु शाम करीब 4:00 के बाद से थोड़ी राहत भी कुछ जिले के लोगों को मिली. गया, औरंगाबाद ,जहानाबाद और नवादा में तेज हवा और वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी किया. गया में ओलावृष्टि के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. हालांकि 4 दिनों के अलावा अन्य किसी जिलों के मौसम में कोई परिवर्तन नहीं रहे.





