
NoorJahan Unique Mango Variety-गर्मियों का मौसम और आम का साथ हर किसी को पसंद है. इसे भला कौन भूल सकता है. जैसे-जैसे गर्मी का मौसम दस्तक दे रहा है, लोगों को आम की याद आने लग गई है. गर्मियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही लोग आम का इंतजार करने लग गए हैं. सूरज की बढ़ती तपिश के साथ लोगों के बीच आम का क्रेज भी बढ़ता जा रहा है. आमतौर पर बाजारों में अल्फांसो, दशहरी, केसर, लंगड़ा और तोतापरी जैसे आमों का दबदबा रहता है, लेकिन एक ऐसी भी किस्म है जिसके बारे लोग कम जानते हैं. इस आम का साइज इतना बढ़ा होता है कि एक आम से ही पेट भर जाए. यह अनोखी किस्म मध्यप्रदेश के कट्ठीवाड़ा में पैदा होती है. इस खास से आम का नाम है ‘नूरजहां’. साइज में पपीता जितना बड़ा यह आम अपने स्वाद के लिए जाना जाता है. इस आम का स्वाद चखना भी इतना आसान नहीं है, चलिए जानते हैं क्यों?
खास है नूरजहां आम
मध्यप्रदेस के आलीराजपुर के कट्ठीवाड़ी में पाई जाने वाली नूरजहां आम बेहद दुर्लभ और शाही किस्म का है. यह आम अपने विशाल आकार और महंगे दाम के लिए जाना जाता है. इस आम का वजन करीब 2.5 से 3.5 किलो तक रहता है और दाम भी आसमान छूते हैं.
आमों की महारानी नाम से मशहूर
नूरजहां आम को आमों की महारानी कहा जाता है. यह मूल से अफगानी किस्म है, जिसके कुछ ही पेड़ कट्ठीवाड़ा में हैं. कम पेड़ और मार्केट में ज्यादा डिमांड होने के चलते फल आने से पहले ही इनकी बुकिंग हो जाती है. इसके फल फरवरी-मार्च में आने शुरू होते हैं और जून तक तैयार हो जाते हैं. मार्केट में ज्यादा डिमांड होने के चलते इसकी कीमत 500 से 2000 प्रति आम तक होती है.
बाजारों में रहती है डिमांड
करीब 2.5 से 3.5 किलो वजन और एक फीट तक की लंबाई वाला यह आम बाजारों में छाया रहता है. आकार में बड़ा और विशाल होने के कारण इसे देखने और इसके बारे में जानने के लिए लोग बेहद उत्सुक रहते हैं. अपनी इसी खासियत की वजह से यह आम अन्य सभी किस्मों से अलग और खास पहचान रखता है.
मध्यप्रदेश की मिट्टी ने दी पहचान
ऐसा कहा जाता है कि सदियों पहले यह किस्म अफगानिस्तान से चलकर गुजरात के रास्ते भारत आई थी. आखिर में मध्यप्रदेश की मिट्टी में इसे अपना सही ठिकाना मिल गया. मध्यप्रदेश की मिट्टी और यहां के मौसम ने इस आम को असाधारण आकार और उच्ची क्वालिटी का बना दिया.
विदेशों में भी है डिमांड
यह आम केवल देखने में ही बड़ा नहीं है, बल्कि इसका स्वाद भी अन्य आमों के मुकाबले काफी अलग और समृद्ध होता है. इस आम की डिमांड सिर्फ भारत में नहीं, बल्कि विदेशों में भी है. इस असाधारण आम को अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है.
केसरिया स्वाद बना देता है दीवाना
आकार में बड़ा होने के कारण यह आम आसानी से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेता है, लेकिन इसकी असल खूबी इसका रसीलापन, केसरिया स्वाद और पतला छिलका है. हांलाकि, पूरे क्षेत्र में इसके केवल कुछ ही पेड़ बचे हैं, जिससे इसका उत्पादन बेहद सीमित है. यही वजह है कि इस आम की कीमत आसमान को छूती है.





