
Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें पंजाब के कांग्रेस नेता खुशबाज सिंह जटाना और उनके ड्राइवर की मौत हो गई. ये हादसा कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर उस समय हुआ, जब खुशबाज सिंह जटाना दिल्ली से पंजाब के बठिंडा अपने घर जा रहे थे. उनके साथ गाड़ी में एक गनमैन भी मौजूद था.
कैसे हुई मौत?
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:10 बजे कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना मिली. खुशबाज सिंह जटाना की डिफेंडर गाड़ी का रास्ते में टायर पंक्चर हो गया था, जिसके बाद सड़क किनारे रुककर टायर बदला जा रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयंकर थी कि मौके पर ही खुशबाज सिंह जटाना और उनके ड्राइवर परमिंदर की मौत हो गई.
दो लोग हुए घायल
इस हादसे में गनमैन और एक दूसरा व्यक्ति, जो टायर बदलने में मदद कर रहा था, घायल हो गया. दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
पुलिस जांच में लगी हुई है
कुंडली थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर पहचान लिया गया है. साथ ही आरोपी चालक की तलाश के लिए लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.





