
मोतिहारी: मोतिहारी में कथित जहरीली शराब कांड में चार लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं. अस्पताल में भर्ती 2 लोगों की आंख की रोशनी गायब होने की बात सामने आ रही है. कथित जहरीली शराब कांड मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव की बताई जा रहा है.
बीते बुधवार(01 अप्रैल) की रात 30-40 लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब का सेवन किया था. जिसके बाद एक युवक की जहरीली शराब पीने से संदिग्ध मौत हो गई थी. साथ ही कई लोगों की तबियत बिगड़ गई थी. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो चुकी है.
मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं
कथित जहरीली शराब पीने से मौत की अधिकारी पुष्टि नही हुई है. मृतक कि पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के प्रमोद यादव के रूप में हुई है. जिसके शव को तुरकौलिया थाना के द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है ताकि मौत का कारण की पुष्टि हो सकेगा. वहीं चौथे व्यक्ति की कथित जहरीली शराब के सेवन के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हुई. जिसकी पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के परीक्षण माझी के रूप में हुई है. इससे पहले चंदू की मौत के बाद परिजनों ने आनन-फानन में शव को जला दिया है.
दो लोगों ने खोई अपनी आंख की रोशनी
जहरीली शराब के सेवन के बाद लड्डू साह एवं लोहा सिंह के साथ एक अन्य की तबियत भी बिगड़ गई थी. फिलहाल दोनों का इलाज कराया जा रहा है. अस्पताल में भर्ती लोग अभी बातचीत करने की हालत में नहीं हैं. वहीं लड्डू साह एवं लोहा सिंह की आंख की रौशनी इलाज के बाबजूद अभी तक नही लौटी है.
मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना व तुरकौलिया थाना संयुक्त रूप से करवाई में जुटी है. पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर जायजा लिया है. साथ ही जहरीले शराब की स्त्रोत का पता करने में जुटी है. तुरकौलिया थाना पुलिस के द्वारा गुरुवार की देर रात पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अभी कुछ भी बोलने से परहेज बरत रही है.





