
MP BJP New Media Team: मध्य प्रदेश बीजेपी ने संगठन और मजबूत करने के लिए बड़ा फेरबदल किया है. वहीं पार्टी ने एक साथ कई नई जिम्मेदारियां बांटते हुए 33 प्रदेश प्रवक्ता, 9 सह-मीडिया प्रभारी और 47 मीडिया पैनलिस्टों की घोषणा की है. इसमें कुल 99 पदाधिकारी शामिल किए गए हैं. खास बात ये है कि इसमें कई मौजूदा विधायकों को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है. संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बन सके और पार्टी की बात मजबूती से जनता तक पहुंचे.
वहीं प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मंजूरी के बाद मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इन नियुक्तियों का ऐलान किया. संगठन में यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है. नई टीम का काम पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जनता तक बेहतर तरीके से पहुंचाना होगा, ताकि सरकार और संगठन के बीच तालमेल बना रहे.
विजय शाह के भाई को भी जगह
इस सूची में संजय शाह का नाम भी चर्चा में है, जो जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह के भाई हैं. संजय शाह पहले हरदा जिले की टिमरनी सीट से विधायक रह चुके हैं. उन्हें प्रदेश प्रवक्ता बनाकर पार्टी ने एक बार फिर अनुभवी और भरोसेमंद चेहरों पर दांव लगाया है, जिससे संगठन में संतुलन बना रहे और अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित हो सके.
कई विधायकों को बनाया प्रवक्ता
वहीं कई पूर्व विधायकों को भी प्रवक्ता बनाया गया है. ये वे नेता हैं, जिन्हें क्षेत्रीय राजनीति का अच्छा अनुभव है और जो जमीनी मुद्दों को समझते हैं. पार्टी का मानना है कि ऐसे नेताओं की मौजूदगी से मीडिया में पार्टी का पक्ष और मजबूत तरीके से रखा जा सकेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि यह नई टीम आने वाले समय में संगठन को कितना फायदा पहुंचाती है और जनता के बीच पार्टी की पकड़ कितनी मजबूत होती है.





