
UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में आज मौसम बदलने वाला है. प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाएंगे. इसके साथ ही हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का दौर शुरू हो जाएगा. ऐसे में जानिए अगले कुछ दिन आपके शहर में मौसम कैसा रहने वाला है?
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ ‘गदर’ काटने की तैयारी में है. आज प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला बदला सा नजर आएगा. मौसम विभाग ने प्रदेश में आंधी और बारिश को लेकर नई भविष्यवाणी कर दी है. ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलते हैं तो अपने साथ छाता या रेनकोट जरूर रखें. तेज हवाओं और आंधी के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें.
आज कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और आंधी चलने की उम्मीद है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
कब तक बारिश की संभावना?
मौसम विभाग का कहना है कि 3 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना हैं. इस दौरान तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में स्थिति प्रभावित हो सकती है. मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक कई जिलों में बारिश हुई, जिससे मौसम में हल्का बदलाव दिखा. लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली.
नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना दिख रही है. इस दौरान तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है. हालांकि, पूर्वी ईरान के आसपास सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 3 अप्रैल से मौसम फिर बदल जाएगा.
रविवार तक आंधी संग होगी बारिश
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और आंधी-तूफान के साथ बारिश का एक नया दौर शुरू होने के आसार हैं. रविवार तक कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है.
3-4 अप्रैल के लिए अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 3 से 4 अप्रैल तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. इससे सड़क यातायात, बिजली आपूर्ति और दैनिक जीवन पर असर पड़ सकता है. मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल के पहले सप्ताह में इस तरह के मौसम परिवर्तन बार-बार देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
जानें इन शहरों का हाल
लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. दिन में आंशिक बादल और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. जबकि आगरा, कानपुर और वाराणसी में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. इन इलाकों में भी बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश होने की संभावना है. वहीं मेरठ और सहारनपुर में आंधी-तूफान का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. यहां हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.





