
प्रयागराज । बिना मान्यता के संचालित किए जा रहे हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर तक के विद्यालयों की पहचान सार्वजनिक करने के उद्देश्य से यूपी बोर्ड ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध 29,208 विद्यालयों की सूची वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड की है।
इसमें जनपदवार यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौन विद्यालय हाईस्कूल स्तर का है और कौन इंटरमीडिएट स्तर का। किस वर्ग में और किन विषयों में मान्यता प्रदान की गई है, यह भी जानकारी दी गई है।
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने निर्देश जारी किए हैं कि अभिभावक मान्यता प्राप्त विद्यालयों को देखकर उसमें ही अपने पाल्यों (छात्र-छात्राओं) का प्रवेश कराएं, ताकि बाद में उन्हें कोई परेशानी न हो। सूची में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय राजकीय है या एडेड अथवा वित्तविहीन।





