Viral

मुजफ्फरनगर में आम के पेड़ों का अवैध कटान: पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा


मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में आम के हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। खुसरोपुर गांव के जंगल में बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस दौरान मौके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खुसरोपुर के जंगल में अवैध रूप से पेड़ों का कटान किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। वहां मौजूद लोगों से कटान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। कार्रवाई के दौरान कटे हुए आम के पेड़ों के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में लिया गया। पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले में वन विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से बिना अनुमति आरा मशीनें संचालित हो रही हैं। आरोप है कि रात के समय पेड़ों का अवैध कटान कर उन्हें इन मशीनों पर ठिकाने लगाया जाता है।

चरथावल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply