Viral

फॉर्च्यूनर ने किया ओवरटेक तो स्कॉर्पियो वाले का दिमाग हुआ खराब, तड़ातड़ की फायरिंग, सड़क पर टहल रहे आर्मी अफसर की मौत


उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए टायरों पर फायरिंग कर दी. इस दौरान टार्गेट से चूककर एक गोली मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी. व्यक्ति आर्मी में अफसर बताया जा रहा है, जिसकी उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर जोहड़ी गांव के पास पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद आरोपियों ने कार सवारों के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए. एसपी देहरादून ने बताया कि घटना में शामिल अभियुक्तों की तलाश के लिए पूरे जनपद में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसएसपी देहरादून व अन्य अधिकारियो द्वारा अस्पताल जाकर घटना से संबंधित व्यक्तियों से जानकारी ली गई, घटना में शामिल अभियुक्तों की तलाश के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर संपूर्ण जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा घटनास्थल व आसपास आने जाने वाले मार्गो पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी कार सवार व्यक्तियों के संबंध में जानकारी की जा रही है.

पुलिस ने दी घटना की जानकारी
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, ‘आज 30 मार्च को सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर कंट्रोल रूम को जोहड़ी, गांव मे फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर तत्काल कंट्रोल द्वारा उच्च अधिकारियों और राजपुर थाना को अवगत कराया गया. घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी व अन्य अधिकारी एवं राजपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. घटना के संबंध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मसूरी रोड पर मालसी के पास गाड़ी को पास न देने को लेकर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार व एक स्कॉर्पियो N कार में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें स्कॉर्पियो N में सवार व्यक्तियों द्वारा फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रुकवाने के लिए उसके टायरो पर फायरिंग की गई. फायरिंग की घटना में दुर्घटनावश सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया और उनकी मौत हो गई.’

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply