
प्रदेश में शनिवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में दिन भर बादल छाए रहे। हिसार, फतेहाबाद, सिरसा में बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि दिन के समय धूप भी खिली। दोपहर बाद बादलवाई हुई। पलवल में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञानी डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि 28 मार्च को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ से एक चक्रवातीय सर्कुलेशन दक्षिण पंजाब पर बना है जिससे पूरे प्रदेश में गरज चमक के साथ बादलों का निर्माण हुआ है।
इसके प्रभाव से लगभग सभी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेगी। साथ ही हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलेगी। शनिवार देर रात से हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला सहित अन्य जिलों में भी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा मध्य जिले रोहतक, झज्जर व दक्षिणी जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, मेवात व पूर्वी जिलों में भी वर्षा की संभावना बन रही है।
कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस मौसम प्रणाली से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। 31 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इसके बाद दो अप्रैल को एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिससे दोबारा से बूंदाबांदी की संभावना है।
नूंह में सर्वाधिक और यमुनानगर में सबसे कम तापमान रहा शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नूंह का 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं यमुनानगर का न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस सबसे कम रहा। हिसार का न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस व 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहे।





