
कौशांंबी। Kaushambi News : कौशाम्बी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। पिकप पर सवार होकर फतेहपुर जिले के बड़ोखर इलाके से बच्चे का मुंडन कराने प्रयागराज संगम आए थे। लौटते समय इनकी गाड़ी सैनी थाना क्षेत्र में डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। हादसे में सात लोगों की मौत गई, जबकि 17 श्रद्धालु घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिला और दो पुरुष शामिल हैं।
कानपुर–प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में 17 श्रद्धालु घायल हो गए है। सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा पेट्रोल पंप के समीप उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़े ट्राला में पीछे से तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिला और दो पुरुष शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग फतेहपुर जिले के मलवां क्षेत्र के बड़ोखर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे लोग रामनवमी के अवसर पर बच्चे का मुंडन कराने के लिए प्रयागराज आए थे। यहां संगम स्नान और मुंडन संस्कार कराने के बाद पिकप से फतेहपुर लौट रहे थे कि सैनी इलाके में हादसा हो गया। घटना दोपहर बाद करीब पौनै चार बजे हुई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजने के लिए चार एंबुलेंस लगाई गईं। घायलों को अस्पताल ले जाते समय सात लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे से बाद बड़ी संख्या में घायल सड़क पर पड़े रहे। इसके चलते काफी देर तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।





