
जिन सिनेप्रेमियों ने शोले मूवी देखी होगी उनको धर्मेंद का एक सीन याद होगा. वे गांव की टंकी पर चढ़ जाते हैं और अपनी बात रखते हैं. कई बार रियल लाइफ में भी ऐसा हो जाता है. हरियाणा के सोनीपत में एक किसान का अनोखा विरोध प्रदर्शन सामने आया है. जो इसी स्टाइल से इंस्पायर लग रहा है. किसान सुनील पिछले तीन दिनों से करीब 250 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ा हुआ है और नीचे उतरने से इनकार कर रहा है. बताया जा रहा है कि वह अपनी मांग को लेकर यह कदम उठा रहा है और प्रशासन से समाधान की मांग कर रहा है.
अपने साथ मोबाइल फोन लेकर गया था. लेकिन ..
जानकारी के अनुसार जिले के गांव आसावरपुर का किसान सुनील पिछले करीब 48 घंटे से लगातार टॉवर पर बैठा है. उसने 24 मार्च की दोपहर से अब तक कुछ भी खाया पीया नहीं है और दो रातें भी टॉवर पर ही गुजारी हैं. शुरुआत में वह अपने साथ मोबाइल फोन लेकर गया था. लेकिन अब उसका फोन भी बंद हो चुका है. जिससे संपर्क करना मुश्किल हो गया है.
जमीन के बदले दूसरी जगह जमीन की मांग
किसान की मुख्य मांग है कि उसे उसकी जमीन के बदले दूसरी जगह जमीन दी जाए. वह और उसका परिवार इस मांग को लेकर अड़े हुए हैं और साफ तौर पर कह चुके हैं कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वह टॉवर से नीचे नहीं उतरेगा.
वहीं गांव में परिजन और अन्य ग्रामीण भी समर्थन में उतर आए हैं. उन्होंने मौके पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. परिजनों का कहना है कि जब तक किसान की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.
नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसान को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही अधिकारियों की ओर से मामले के समाधान के लिए बातचीत की कोशिश भी जारी है. ताकि कोई अनहोनी न हो और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सके.





