
शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेन्द्र सरोवर के समीप एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी ने आपसी विवाद के बाद तीन मंजिला मकान की छत से छलांग लगा दी। इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
पति-पत्नी ने लगा दी छत से छलांग
मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ा गांव निवासी पिंटू सिंह, पिता कामेश्वर सिंह, के रूप में हुई है, जो पेशे से वेल्डर बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, वह छपरा शहर में बन रहे डबल डेकर पुल निर्माण कार्य से भी जुड़ा हुआ था। वहीं उसकी पत्नी प्रिया सिंह, भेल्दी थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव की रहने वाली है। छत से गिरने के बाद पति के सिर में गंभीर चोट लग गई। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी के पैर में गंभीर चोट आई है। उसे गंभीर स्थिति में छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
हमेशा होता था पति-पत्नी में झगड़ा
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। बताया जाता है कि बुधवार की रात दोनों के बीच बहस इतना बढ़ गया कि उन्होंने आवेश में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया। छलांग लगाने के दौरान पिंटू सिंह का सिर मकान के छज्जे से टकरा गया, जिससे सरिया सिर को छेदते हुए आर-पार हो गया। नीचे झाड़ी में गिरते ही उसकी मौत हो गई। वहीं प्रिया सिंह सीधे झाड़ी में गिरी, जिससे उसका एक पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ले गई दोनों को अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही छपरा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को झाड़ी से निकालकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने पिंटू सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रिया सिंह का इलाज जारी है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पति के शव को पोस्टमार्टम में ले जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामूली बात पर झगड़े ने तबाह किया परिवार
बताया जाता है कि दोनों की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी और उनका एक दो वर्षीय छोटा बेटा भी है। पारिवारिक कलह के कारण पत्नी कुछ समय पहले मायके चली गई थी, और अपने पिता माता के साथ इंदौर में रहती थी। लेकिन बाद में दोनों फिर साथ रहने लगे थे। हालांकि, आपसी विवाद लगातार जारी था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





