
मुजफ्फरनगर। इजरायल-ईरान युद्ध के बाद बदले हालातों के मद्देनजर लोग ऊर्जा के विकल्पों पर फोकस बढ़ा रहे हैं। जब लोगों को गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगना पड़ा, तो विकल्प के तौर पर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का कनेक्शन लेने में लोगों की रुचि बढ़ गई है।
यही वजह है कि मार्च के सिर्फ 24 दिनों में मुजफ्फरनगर 1110 लोगों ने नए कनेक्शन लिए हैं। अर्थात प्रतिदिन 45 से अधिक कनेक्शन हुए हैं, जबकि पूर्व में यह संख्या अधिकतम आठ से 10 ही प्रतिदिन थी।
मुजफ्फरनगर और शामली में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आइजीएल) की तरफ से पीएनजी की सुविधा दी गई है। कंपनी के सीजीएम दिलीप कपूर ने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले में कुल 34,684 और शामली में 2832 पीएनजी कनेक्शन हैं। इजरायल-ईरान युद्ध के बाद पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन बढ़े हैं।
पूर्व में सप्ताह में 50 नए कनेक्शन जारी होते थे, जबकि अब यह संख्या 150 तक पहुंच गई है। बताया कि पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए कंपनी की तरफ से जारी हेल्पलाइन नंबर पर भी प्रतिदिन लोग काल करके जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी की तरफ से 31 मार्च तक नया पीएनजी कनेक्शन लेने या पहले से लिया हुआ कनेक्शन एक्टिव कराने पर बिल में 500 रुपये की छूट का आफर भी दिया है।
इसके अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन शुल्क में भी दो हजार रुपये की छूट पहले से जारी है। इस तरह की योजना का मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छ ईंधन की ओर आकर्षित करना और एलपीजी सिलिंडर की मांग को संतुलित करना है। वैसे भी पाइपलाइन से गैस का उपभोग ज्यादा सुरक्षित विकल्प है।
एक से 28 फरवरी तक जारी कनेक्शन
मुजफ्फरनगर : 465
शामली : 239
एक से 24 मार्च तक जारी कनेक्शन
मुजफ्फरनगर : 1110
शामली : 435





