
सिंगरौली : सुदा गांव में पिता-पुत्र के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपने 60 वर्षीय पिता की पीटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई. कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना चितरंगी पुलिस थाना को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी. हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मामूली बहस के बाद युवक ने पीटा
हत्या की वारदात चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम सुदा में मंगलवार सुबह हुई. सुखदेव कोल का अपने बेटे दयाराम कोल से किसी बात को लेकर बहस होने लगी. इस बीच ग्रामीणों ने बाप-बेटे के झगड़े को सामान्य घटना समझा. लेकिन कुछ ही देर में सुखदेव कोल के चीखने की आवाजें आने लगी. इससे ग्रामीणों को कुछ शंका हुई. जब उसकी चीखने की आवाज बंद हो गई तो लोगों का शक और बढ़ गया.
पुलिस ने घर से बरामद की डेडबॉडी
इसके बाद ग्रामीणों ने सुखदेव कोल के घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जबरन गेट खुलवाया तो देखा कि सुखदेव कोल मृत अवस्था में पड़ा है. पुलिस ने तुरंत मौका मुआयना किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. FSL टीम को बुलाकर पुलिस ने घटना की जांच शुरू की.
इसी दौरान घर में छिपे पिता की हत्या के आरोपी दयाराम कोल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पूछताछ की. थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी ने बताया “मामूली बात पर हुए विवाद में बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी. पीएम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और साफ होगी. पुलिस ने परिजनों के अलावा मोहल्ले वालों और ग्रामीणों के बयान लिए हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वारदात में प्रयुक्त हथियार तलाश रही है.”





